चिकित्सा सिर्फ पेशा नहीं, सेवा का माध्यम, एम्स में दीक्षांत समारोह के दौरान बोले राज्यपाल कविंद्र गुप्ता

By: Oct 7th, 2026 12:06 am

कार्यालय संवाददाता — बिलासपुर

एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने भविष्य के स्वास्थ्य कर्मियों को ज्ञान, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ समाज की सेवा करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एम्स बिलासपुर प्रशिक्षित और सक्षम चिकित्सकों की नई पीढ़ी तैयार कर रहा है, जो संस्थान से मिले ज्ञान, प्रशिक्षण और संस्कारों को साथ लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में मानवता की सेवा करेगी। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि एम्स बिलासपुर के संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने कम समय में इस संस्थान को एक सशक्त केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है। संस्थान में चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अनुसंधान के क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मिलने वाली डिग्री महज एक प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उनके दायित्व का प्रतीक है।

उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि वे ज्ञान, अनुशासन, संवेदनशीलता और नैतिकता को अपने कार्य का आधार बनाएं और एम्स की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। राज्यपाल ने कहा कि चिकित्सा का क्षेत्र केवल विज्ञान और तकनीक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवीय संवेदना और विश्वास से भी जुड़ा है। चिकित्सक के लिए रोगी केवल एक केस नहीं होता, बल्कि वह अपने परिवार की आशा और विश्वास लेकर अस्पताल पहुंचता है। इसलिए चिकित्सकों को इस विश्वास को प्राथमिकता देते हुए जरूरतमंद लोगों को अपने कार्य के केंद्र में रखना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App