पुराने दोस्तों से मुलाकात…चाय पे चर्चा, नड्डा ने ताजा की यादें

By: Oct 20th, 2026 12:02 am

एक बार फिर कंदरौर, बिलासपुर में पुराने साथियों के साथ मिले जेपी नड्डा, बिलासपुर, भगेड़, कंदरौर में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का पहुंचने पर भव्य स्वागत

कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
अपने गृह जिला के दौरे को लेकर बिलासपुर पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा अभी तक भी अपने पुराने संघर्ष के साथियों को नहीं भूले हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जेपी नड्डा अपने बिलासपुर दौरे के दौरान अपने पुराने संघर्ष के साथियों के साथ मिलना नहीं भूलते हैं। इस बार भी जेपी नड्डा कंदरौर, बिलासपुर में अपने पुराने साथियों के साथ मिले और अपनी संघर्ष की पुरानी यादें ताजा की। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा इन दिनों अपने जिला प्रवास पर हैं। 20 अक्तूबर तक जेपी नड्डा स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे। सोमवार सुबह जगत प्रकाश नड्डा ने अपने निवास विजयपुर में स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और क्षेत्र का हाल जाना। उसके बाद वह बिलासपुर के लिए रवाना हुए। भगेड़ के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

इस दौरान पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग उपस्थित रहे। उन्होंने पुष्पगुच्छ देकर जेपी नड्डा का स्वागत किया। यहां से नड्डा का कारवां आगे बढ़ा। कंदरौर में जगत प्रकाश नड्डा ने पुराने कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की। यहां पहुंचने पर जेपी नड्डा का यहां पर कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। बताया जा रहा है कि पूर्व सदर मंडल अध्यक्ष रहे जिंदूराम सहित अन्य कार्यकर्ताओं के साथ अपने संघर्ष के दिनों की यादों को ताजा किया। उसके बाद नड्डा बिलासपुर के लिए रवाना हुए। यहां पर पूर्व शहरी भाजपा ईकाई के अध्यक्ष राजपाल दास व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। जेपी नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यकाल के दौरान भी अपने गृह जिला के दौरे के दौरान पुराने कार्यकर्ताओं से मिलना नहीं भूलते थे। वहीं, इस बार भी उन्होंने पुराने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की। इस दौरान सदर विधायक त्रिलोक जमवाल और स्वदेश ठाकुर सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दशहरा पर्व में शामिल होंने जेपी नड्डा

मंगलवार को जगत प्रकाश नड्डा बिलासपुर जिला मुख्यालय पर स्थित ब्वायज स्कूल के खेल परिसर में आयोजित होने वाले दशहरा पर्व में शामिल होंगे। उनके साथ सदर विधायक त्रिलोक जमवाल, नगर परिषद अध्यक्ष जमुना देवी और समाजसेवी हरीश नड्डा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App