राजस्व रिकार्ड में नाम नहीं, फिर भी मिलेगा हक

By: Oct 7th, 2026 12:02 am

एयरपोर्ट प्रभावित 136 लोगों को आज मिलेंगे आवार्ड, पंचायत घरों में लगेंगे विशेष कैंप

टीम- गगल, धर्मशाला
कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार की जद में आए उन 136 परिवारों के लिए बुधवार का दिन एक बड़ी राहत लेकर आएगा, जो वर्षों से सरकारी भूमि पर काबिज थे। मालिकाना हक न होने के कारण अटकी इनकी मुआवजे की प्रक्रिया अब पूरी हो गई है। प्रशासन ने सभी तकनीकी अड़चनों को पार करते हुए इन प्रभावितों के अवॉर्ड यानि मुआवजा पत्र जारी कर दिए हैं, जिन्हें आज संबंधित पंचायत घरों में विशेष कैंप लगाकर वितरित किया जाएगा। लंबे समय से इन परिवारों के सामने मुआवजे को लेकर एक बड़ा संकट खड़ा था। ये परिवार वर्षों से सरकारी भूमि पर अपने मकान और दुकानें बनाकर रह रहे थे और यहीं से अपनी आजीविका चला रहे थे, लेकिन राजस्व विभाग के रिकॉर्ड में जमीन इनके नाम दर्ज नहीं थी। मालिकाना हक न होने के कारण भूमि अधिग्रहण के बाद अवॉर्ड प्रक्रिया में भारी तकनीकी बाधाएं आ रही थीं।

प्रशासन ने इन मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए एक अलग प्रक्रिया अपनाई और सभी अड़चनों को दूर कर लिया। इससे विस्थापन के मुहाने पर खड़े इन परिवारों को उनके नुकसान की उचित भरपाई सुनिश्चित हो पाई है। प्रशासन द्वारा फाइनल की गई सूची के अनुसार, इन चार पंचायतों के 136 प्रभावितों में सबसे बड़ा हिस्सा गग्गल पंचायत का है। यहां के सर्वाधिक 129 परिवारों की लंबे समय से चली आ रही चिंता आज खत्म हो जाएगी। इसके अलावा, मुगरेड़ पंचायत के तीन, बाल्सवालक्ड पंचायत के दो और इच्छी पंचायत के दो प्रभावित परिवार भी इस सूची में शामिल हैं। ्रइस पूरी प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए प्रशासन प्रभावितों के घर-द्वार तक पहुंच रहा है। सरकारी भूमि पर वर्षों से रह रहे इन 136 प्रभावितों के अवॉर्ड प्राप्त हो चुके हैं। इसके लिए बुधवार को चारों पंचायतों के पंचायत घरों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में अधिकारी स्वयं मौजूद रहकर सभी प्रभावितों को उनके अवॉर्ड विधिवत रूप से वितरित करेंगे। लंबे समय से इस प्रक्रिया के पूरा होने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह कदम एक बड़ा मरहम साबित होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App