नम्होल मेले में पहाड़ी कलाकारों का धमाल

By: Oct 11th, 2026 12:55 am

सुभाष शर्मा हिमाचली के भजनों से हुआ आगाज, दीक्षा वर्मा और दिनेश ने बांधा समां
निजी संवाददाता-जुखाला
पशु मंडी एवं किसान मेला समिति नम्होल की ओर से आयोजित किसान मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली लोक संस्कृति और संगीत की शानदार छटा देखने को मिली। स्थानीय लोक गायकों और कलाकारों ने भजनों, पहाड़ी गीतों, पंजाबी टप्पों और हिंदी फिल्मी गानों की प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ स्थानीय लोक गायक सुभाष शर्मा हिमाचली ने सुंदर भजन की प्रस्तुति से किया। उनके भजन से कार्यक्रम का माहौल भक्तिमय हो गया। इसके बाद बल्सीहाणा से पहुंचीं गायिका सुलोचना ने अपने पहाड़ी गीतों से दर्शकों का मन मोह लिया।

इसके बाद बिलासपुरी जोड़ी सचिन कश्यप और उनके साथी कलाकारों ने पंजाबी टप्पों की शानदार प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं सिकरोहा की स्थानीय कलाकार दीक्षा वर्मा ने हिंदीए पंजाबीए फिल्मी और पहाड़ी गानों की प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में बाबा बालक नाथ की तपोस्थली से पहुंचे गायक कलाकार दिनेश ने अपने गीतों से समां बांधा और सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया। प्रथम सांस्कृतिक संध्या में पंजगांई क्षेत्र के प्रमुख व्यवसायी अशोक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App