पांगी में भीषण अग्रिकांड, 2 मंजिला मकान राख, ठिठुरती रातों में खुले आसमान तले आया परिवार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो—चंबा
जनजातीय उपमंडल पांगी की ग्राम पंचायत करयूनी-कोठी के सेरी गांव में आग लगने से दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया। आगजनी की घटना में करीब 20 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। घटना में एक मकान को भी आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेरी गांव में देवी सिंह के मकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।
प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस, अग्निशमन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से आग पर काबू पाने के प्रयास किए। ग्रामीणों के सहयोग और सभी की तत्परता से आग को फैलने से रोकने में मदद मिली, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। तहसीलदार पांगी ने आगजनी की घटना की पुष्टि की है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है। उधर, विधायक डॉ. जनक राज ने प्रशासन को प्रभावित परिवार की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किए जाने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
