सीजेपी प्रदर्शन पर सियासी घमासान, केजरीवाल ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई पर घेरे मोदी, हिटलर करार

By: Oct 12th, 2026 12:07 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। अब आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई पर सवाल उठाए। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली में डर का माहौल बनाया गया और प्रदर्शनकारियों के साथ बुरा बर्ताव हुआ। उन्होंने हिटलर का जिक्र करते हुए कहा कि कार्रवाई के मामले में मोदी ने सारी हदें पार कर दीं। साथ ही चेतावनी दी कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग प्रधानमंत्री मोदी तक भी पहुंच सकती है। अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश शेयर किया।

इसमें उन्होंने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि शनिवार को मोदी जी ने जिस तरह से आतंक का माहौल बनाया, उन्होंने सारी हदें पार कर दीं और हिटलर को भी पीछे छोड़ दिया। उनके अत्याचारों के वीडियो हर जगह फैल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के साथ बुरा बर्ताव किया गया। उनके मुताबिक, वकीलों और पत्रकारों को भी नहीं बख्शा गया। केजरीवाल ने कहा कि किसी को भी नहीं छोड़ा गया।

युवा पीढ़ी देख रही है, भाषा-व्यवहार पर संयम बरतें

नई दिल्ली। दिल्ली में विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक बयानबाजी के बीच पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने प्रवक्ताओं और सार्वजनिक चर्चा में शामिल लोगों को नसीहत दी है। उन्होंने प्रवक्ताओं से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि विरोध करना और अपनी मांगें रखना हर किसी का अधिकार है, लेकिन असहमति के नाम पर किसी का अपमान करना सही नहीं है। किरण बेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सार्वजनिक चर्चा में सम्मान और शालीनता बनाए रखने पर जोर दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App