खडग़े के बयान पर सियासी संग्राम, बीजेपी ने PM के खिलाफ टिप्पणी पर देशभर में किया प्रदर्शन

By: Oct 27th, 2026 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा वाले बयान को लेकर भाजपा सोमवार को देशभर में प्रदर्शन कर रही है। बिहार की राजधानी पटना में बीजेपी की महानगर इकाई ने खडग़े के बयान के खिलाफ प्रदर्शन किया। लखनऊ में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान बीजेपी विधायक नीरज बोरा भी मौजूद रहे। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने खडग़े से माफी मांगने की मांग की। वहीं, कांग्रेस के कई नेता इस मामले में सफाई देकर खडग़े का बचाव कर रहे हैं। खडग़े ने रविवार को पटना में कांग्रेस के कार्यक्रम में यह बयान दिया था। उन्होंने तीन बार यह बात दोहराई थी। एक व्यक्ति ने कार्यक्रम के दौरान कहा था कि प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे, जिसके जवाब में खडग़े ने यह टिप्पणी की थी। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उस शख्स की पिटाई कर दी। इसी मामले को लेकर बिहार के पटना में शिकायत दर्ज हुई है। वहीं जम्मू में, भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी विधायक शगुन परिहार और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जम्मू कश्मीर अध्यक्ष अरुण प्रभात के नेतृत्व में डोगरा चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए और खरगे तथा राहुल गांधी के पोस्टर जलाए। वहीं सांबा, कठुआ, पुंछ, उधमपुर, राजौरी, डोडा, किश्तवाड़ और रियासी जिलों में विरोध-प्रदर्शन किए गए। कर्नाटक की राजधानी बंगलुरु में भाजपा नेताओं ने फ्रीडम पार्क में विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस ने कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष सी. नारायणस्वामी, अश्वथ नारायण, सीपी राममूर्ति और विधान पार्षद एन. रविकुमार समेत भाजपा के कई नेताओं को हिरासत में लिया और उन्हें उप्परपेट पुलिस थाने ले गई। देश के अन्य हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन हुए, जिनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और तेलंगाना शामिल हैं। झारखंड में, भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिनमें प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी शामिल हैं, ने रांची में कांग्रेस कार्यालय तक मार्च निकाला। कोलकाता में, पार्टी के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के मंत्री तापस रॉय के नेतृत्व में भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं ने खरगे की विवादित टिप्पणी के विरोध में एक रैली निकाली।

इट्रस डन ब्रो, मोदी कहीं नहीं जाएगा

खडग़े की टिप्पणी को लेकर बीजेपी ने एक्स पर तंज कसते हुए कहा कि इट्स डन ब्रो…, मोदी कहीं नहीं जाएगा। दिल्ली बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से माफी की मांग की। बीजेपी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, डियर खडग़े, मोदी कहीं नहीं जाएगा। उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना गया है। उनके पास हमारे वोट हैं ब्रो, जो आपके आका को कभी नहीं मिलेगा। पटना में एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी के खिलाफ खरगे की ओर से की गई कथित टिप्पणी को लेकर बीजेपी ने देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया था।

भोपाल में बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में धक्कामुक्की

भोपाल। भोपाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भाजपा नेता और कार्यकर्ता रेडक्रॉस अस्पताल के सामने इक_ा हुए। यहां से वे पैदल मार्च करते हुए कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा और भगवानदास सबनानी बैरिकेड पर चढ़ गए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। शिवाजी नगर चौराहे पर दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में एक कांग्रेस कार्यकर्ता के सिर में चोट लग गई। किसान कांग्रेस के नीमच जिला अध्यक्ष बालकिशन धाकड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कांग्रेस दफ्तर घेराने जा रहे कार्यकर्ता रोके

जयपुर। जयपुर में भी मल्लिकार्जुन खडग़े के खिलाफ बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस दफ्तर का घेराव करने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बीच रास्ते रोका। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पर चढक़र कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। बीजेपी प्रदेश मुख्यालय से चौमूं हाउस सर्किल पर प्रदेश पदाधिकारी, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और एससी मोर्चा की ओर से नारेबाजी की गई।

चंडीगढ़ में भी आक्रोश

चंडीगढ़। चंडीगढ़ में बीजेपी ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेक्टर 33 के ऑफिस से कांग्रेस के सेक्टर 34 के दफ्तर की तरफ कूच किया। हालांकि पुलिस ने बैरिकेड लगा दिए थे।

बिहार में बीजेपी ने फूंका खडग़े का पुतला

बिहार बीजेपी ने खरगे की टिप्पणी के विरोध में पटना में मार्च निकाला और उनका पुतना फूंका। बीजेपी का ‘जन आक्रोश मार्च’ पटना स्थित पार्टी मुख्यालय से शुरू होकर आयकर गोलंबर पहुंचा। वहां प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मल्लिकार्जुन खडग़े का पुतला फूंका।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App