वाल्मीकि चौक पर टूटे चैंबर की समस्या का समाधान

By: Oct 20th, 2026 12:02 am

‘दिव्य हिमाचल’ में खबर छपने पर पांवटा साहिब नगर परिषद के उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह मिक्का ने लिया तुरंत संज्ञान

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के सबसे व्यस्ततम वाल्मीकि चौक पर पिछले एक वर्ष से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए नासूर बने टूटे चैंबर की समस्या का अंतत: समाधान हो गया है। इस गंभीर समस्या पर दिव्य हिमाचल में समाचार प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद के उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह मिक्का ने तुरंत संज्ञान लेते हुए चैंबर को दुरुस्त करवाया। वाल्मीकि चौक, जो सिविल अस्पताल और तमाम महत्त्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों को जोडऩे वाला मुख्य मार्ग है, वहां स्थित यह टूटा चैंबर लंबे समय से जाम का कारण बना हुआ था। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद पिछले महीने इसकी मरम्मत की गई थी, लेकिन घटिया निर्माण सामग्री के कारण यह पहले ही दिन भारी वाहनों के दबाव से फिर टूट गया था।

शारदीय नवरात्रों और दीपावली के त्योहारी सीजन में इस गड्ढे के कारण एंबुलेंस और गंभीर मरीजों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस जनसमस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगर परिषद के उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह मिक्का ने सक्रियता दिखाई। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तुरंत चैंबर को बंद करवाकर उसे ठीक करवाया। कार्य संपन्न होने के बाद उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह मिक्का ने कहा कि शहरवासियों की सुविधा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि किसी भी वार्ड में किसी भी प्रकार की जनसमस्या या परेशानी हो तो वह सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं, ताकि समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जा सके। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए पार्षद का आभार व्यक्त किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App