पांवटा साहिब में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म
प्रशासन और सफाई कर्मचारी यूनियन के बीच समझौता, मांगों के समाधान का दिया आश्वासन
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में पिछले तीन दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार मंगलवार को समाप्त हो गई। नगरपालिका परिषद पांवटा साहिब के अधिकारियों और सफाई कर्मचारी यूनियन के बीच हुए सफल समझौते के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया है। जानकारी के अनुसार सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले तीन दिनों से हड़ताल पर थे, जिसके कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए थे और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मंगलवार को नगरपालिका की कार्यकारी अधिकारी ने सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनकी अधिकांश मांगों पर सहमति जताई और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। सूत्रों के अनुसार कर्मचारियों की वेतन, वर्दी, औजार और अन्य सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर प्रशासन ने सकारात्मक पहल की है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि उनकी मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। समझौता होने के बाद सफाई कर्मचारियों ने नगरपालिका की कार्यकारी अधिकारी और अन्य अधिकारियों का विशेष रूप से धन्यवाद किया। कर्मचारियों ने कहा कि संवाद से ही समाधान निकलता है और आगे भी वे इसी तरह आपसी सहयोग से काम करेंगे। यूनियन ने सभी सफाई कर्मियों से अपील की है कि वह बुधवार सुबह से पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने वार्डों में सफाई कार्य शुरू करें और शहर को फिर से स्वच्छ बनाएं। नगरपालिका प्रशासन ने भी शहरवासियों से अपील की है कि वह सफाई कर्मचारियों का सहयोग करें और कचरा इधर-उधर न फेंके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
