सेंसेक्स 32 महीने के निचले स्तर पर, निवेशकों के दस लाख करोड़ स्वाह

By: Oct 8th, 2026 10:37 pm

एजेंसियां-मुंबई

विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों और कच्चे तेल में तेजी से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट रही और बीएसई का सेंसेक्स एक हजार अंक से ज्यादा टूटकर 32 महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स 29.30 अंक की बढ़त के साथ 72,668 अंक पर खुला, लेकिन खुलते ही लाल निशान में चला गया। धीरे-धीरे इसकी गिरावट बढ़ती गई। एक समय यह 1,300 अंक से अधिक टूट गया था। अंत में सेंसेक्स 1,045.46 अंक (1.44 प्रतिशत) नीचे 71,593.24 अंक पर रहा, जो 13 फरवरी, 2024 के बाद का सबसे कम बंद स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 371.25 अंक यानी 1.64 प्रतिशत लुढक़कर 22,231.80 अंक पर रहा। यह सात अप्रैल, 2025 के बाद डेढ़ साल का निचला स्तर है।

लगभग सभी प्रमुख विदेशी बाजार गुरुवार को लाल निशान में रहे। साथ ही कच्चे तेल में चार प्रतिशत की तेजी के कारण भी घरेलू शेयर बाजारों में निवेश धारणा कमजोर रही। इस बिकवाली की वजह से निवेशकों को भारी नुकसान उठना पड़ा और उनकी संपत्ति में भी भारी कमी देखने को मिल रही है। गुरुवार को निवेशकों को करीब 10 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइज़ेशन बुधवार को बाजार बंद होने के समय 4,72,35,273.39 करोड़ रुपए था, जो गुरुवार को घटकर 4,61,83,659.33 करोड़ रुपए रह गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App