सेंसेक्स 876 अंक टूटा, पांच लाख करोड़ स्वाह
घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट, निफ्टी 22,889 के नीचे बंद, निवेशकों को झटके
एजेंसियां-मुंबई
भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को भारी गिरावट देखने को मिली, जिस कारण निवेशकों को झटके में करीब पांच लाख करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ा। यह गिरावट कच्चे तेल के ऊंचे बने रहने और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में तेज गिरावट के चलते आई है। सोमवार को भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट पर बंद हुआ। सेंसेक्स और निफ्टी एक फीसदी से ज्यादा गिरकर बंद हुआ। इस गिरावट का सबसे ज्यादा योगदान हैवीवेट बैंकिंग शेयरों ने दिया। सेंसेक्स 876 अंक गिरकर 73,853 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 257 टूटकर 22,889 पर आ गया। इस बड़ी गिरावट के चलते निवेशकों की स्टॉक वैल्यूएशन पांच लाख करोड़ रुपए घट गई यानी कि निवेशकों को कुल पांच लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ और बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 468 लाख करोड़ रुपए के नीचे आ गया। सेंसेक्स सुबह 120 अंक की तेजी के साथ 74,849 अंक पर खुला, लेकिन तुरंत गिरावट में चला गया। बीच कारोबार में 73,708.54 अंक तक उतरने के बाद अंत में 876.37 अंक (1.17 प्रतिशत) टूटकर 73,852.90 अंक पर रहा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 257.20 अंक यानी 1.11 प्रतिशत नीचे 22,888.95 अंक पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिवस पर दोनों प्रमुख सूचकांक तीन सप्ताह से अधिक के उच्चतम स्तर पर रहे थे। वृहत बाजार में भी सभी सूचकांकों में गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.28 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.08 प्रतिशत उतर गया। सेक्टर आधारित सूचकांकों में सार्वजनिक बैंकों को छोडक़र अन्य सभी समूहों के सूचकांक लाल निशान में रहे। वित्त, एफएमसीजी, आईटी, निजी बैंक, रियल्टी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत तक की गिरावट में रहे। सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक का शेयर करीब चार फीसदी टूट गया। अल्ट्राटेक सीमेंट, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक और ङ्क्षहदुस्तान यूनीलिवर में दो से तीन प्रतिशत की गिरावट रही। बजाज फिनसर्व, भारती एयरटेल, इटरनल और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर एक से दो प्रतिशत तक के नुकसान में रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
