रणजी ट्रॉफी के पहले दिन शमी-रिंकू-जडेजा चमके, दिल्ली 240 पर सिमटी, सौराष्ट्र के 308 रन

By: Oct 12th, 2026 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

रणजी ट्रॉफी के पहले दिन मोहम्मद शमी ने चार विकेट लिए। उनके प्रदर्शन के दम पर बंगाल ने दिल्ली को 240 रन पर ऑलआउट कर दिया। वहीं, उत्तर प्रदेश के लिए खेल रहे रिंकू सिंह ने बिहार के खिलाफ नाबाद शतक लगाया। सौराष्ट्र के रविंद्र जडेजा नाबाद 72 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं कर्नाटक के कप्तान स्मरण रविचंद्रन ने भी आंध्र के खिलाफ 126 रन बनाकर बनाए। पहले दिन खेले गए मुकाबले में बंगाल के खिलाफ दिल्ली 240 रन पर ऑलआउट हो गई। मोहम्मद शमी ने दिल्ली के खिलाफ चार विकेट लिए। उन्होंने 17.3 ओवर में 30 रन दिए और नौ ओवर मेडन डाले। उनके अलावा आकाशदीप सिहं ने दो और आमिर गनी ने भी 3 विकेट लिए। दिल्ली की ओर से ऋतिक शौकीन ने 56 रन बनाए। वहीं,उत्तर प्रदेश ने बिहार के खिलाफ पहले दिन मजबूत स्थिति हासिल की। टीम ने 85 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। फिर वापसी करते हुए तीन विकेट पर 287 रन बना लिए।

रिंकू सिंह 109 और माधव कौशिक 124 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 202 रन की अटूट साझेदारी की। वहीं, सौराष्ट्र ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ पहले दिन चार विकेट पर 308 रन बनाए। रवींद्र जडेजा 72 रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं प्रेरक मांकड़ 92 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। दोनों ने मिलकर छठे विकेट के लिए नाबाद 157 रन की साझेदारी की। इससे पहले ओपनिंग करते हुए चिराग जानी ने 83 रन बनाए।

अरुणाचल-नागालैंड का मैच रद्द

रणजी ट्रॉफी के पहले दौर में अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के बीच अहमदाबाद में खेला जाने वाला प्लेट ग्रुप का मुकाबला रद्द करना पड़ा। अरुणाचल प्रदेश क्रकेट एसोसिएशन के दो गुटों के बीच गुवाहाटी हाईकोर्ट की ईटानगर बेंच में कानूनी विवाद चल रहा है। इसके कारण अरुणाचल की टीम मैदान पर नहीं उतर सकी और मैच में एक भी गेंद नहीं फेंकी गई। इससे पहले भुवनेश्वर में शुरू हुई विनू मांकड़ अंडर-19 ट्रॉफी में भी अरुणाचल प्रदेश की टीम ने हिस्सा नहीं लिया था। बीसीसीआई ने नागालैंड की टीम को पहले ही बता दिया था कि कोर्ट का फैसला आने तक अरुणाचल की टीम मैदान पर नहीं
उतर पाएगी।

स्मरण ने संभाला कर्नाटक

कर्नाटक के कप्तान स्मरण रविचंद्रन ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ 126 रन की पारी खेली। कर्नाटक की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने नौ रन पर तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद स्कोर 22 रन पर चार विकेट हो गया। स्मरण ने केएल श्रीजीत के साथ पांचवें विकेट के लिए 111 रन जोड़े। श्रीजीत ने 58 रन बनाए। इसके बाद माधव बजाज ने आठवें विकेट के लिए स्मरण के साथ 59 रन की साझेदारी की। कर्नाटक की टीम पहली पारी में 274 रन पर ऑलआउट हुई।

मुंबई के लिए सिद्धेश की कप्तानी पारी

मुंबई ने चंडीगढ़ के खिलाफ पहले दिन पांच विकेट पर 249 रन बनाए। कप्तान सिद्धेश लाड 80 रन बनाकर नाबाद रहे। मुशीर खान ने 149 गेंदों पर 65 रन बनाए। चंडीगढ़ की ओर से रोहित धांडा ने तीन विकेट लिए।

विदर्भ के लिए यश-अक्षय के शतक

विदर्भ ने पुडुचेरी के खिलाफ खराब शुरुआत के बाद मजबूत वापसी की। 54 रन पर पांच विकेट गंवोन के बाद यश राठौड़ और कप्तान अक्षय वाडकर ने शतक लगाकर विदर्भ को संभाला।

हिमाचल के लिए आकाश ने बनाए 49 रन

हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ चार विकेट लेकर टीम को बढ़त दिलाई। उन्होंने मैच के पहले ही ओवर में विकेट लिया। हिमाचल प्रदेश ने दिन का खेल खत्म होने तक सात विकेट पर 153 रन बना लिए थे। आकाश वशिष्ठ 49 रन बनाकर नाबाद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App