नशे के खिलाफ सडक़ों पर उतरी सिरमौर पुलिस
नाहन में बाइक जागरूकता रैली को डीसी प्रियंका वर्मा ने दिखाई हरी झंडी, जिले के हर ब्लॉक में चलेगा अभियान
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
हिमाचल प्रदेश सरकार के ‘नशा मुक्त हिमाचल’ अभियान के तहत मंगलवार को सिरमौर पुलिस दोपहिया वाहनों पर नाहन की सडक़ों पर उतरी। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित बाइक जागरूकता रैली को उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने कहा कि अभियान को नाहन तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि जिले के सभी विकास खंडों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बाइक रैली के माध्यम से सडक़ों, बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में आम लोगों, युवाओं और राहगीरों को नशे के खिलाफ संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों के साथ पंफ्लेट वितरित कर प्रभावशाली नारों और संदेशों के जरिए समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाई जा रही है। नशामुक्त समाज के लिए अभिभावकों और आम नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अभियान से जुडक़र हिमाचल को नशामुक्त बनाने में सहयोग की अपील की। रैली में सिरमौर पुलिस के जवानों के साथ युवाओं ने भी भाग लिया। रैली नाहन शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
