स्मार्ट मीटर पर संग्राम, एसडीएम के हस्तक्षेप से थमा हंगामा

By: Oct 20th, 2026 12:01 am

स्टाफ रिपोर्टर- घुमारवीं
कपाहड़ा पंचायत में स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध और पंचायत प्रधान के घर से बिजली मीटर उखाडऩे के मामले में सोमवार को उबाल रहा। गुस्साए ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने घुमारवीं स्थित बिजली बोर्ड कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यालय में सुबह अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) के मौजूद नहीं होने से प्रदर्शनकारियों का गुस्सा और बढ़ गया। ग्रामीणों ने अधिकारी से बातचीत होने तक मौके से नहीं हटने की बात कही। स्थिति को देखते हुए एसडीएम घुमारवीं अभिषेक बरवाल मौके पर पहुंचे और मामले को सुलझाने की पहल की। दोपहर बाद एक्सईएन के कार्यालय पहुंचने पर एसडीएम ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत करवाई। इसके बाद माहौल काफी हद तक शांत हुआ। एसडीएम ने विभागीय अधिकारियों को पंचायत प्रधान के घर की बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश भी दिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App