पांवटा साहिब में आवारा कुत्ते बने आाफत

By: Oct 30th, 2026 12:55 am

बांगरण चौक से विश्वकर्मा चौक तक दर्जनों कुत्तों का डेरा, लोगों का गुजरना नहीं आसान
कार्यालय संवाददाता – पांवटा साहिब
पांवटा साहिब शहर के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले मार्ग बांगरण चौक से लेकर विश्वकर्मा चौक तक आवारा कुत्तों के आतंक से लोग परेशान हो चुके हैं। करीब आधा किलोमीटर के इस दायरे में 15 से 20 आवारा कुत्तों का झुंड दिन-रात सडक़ पर ही डेरा जमाए रहता है, जिसके कारण यहां से गुजरना लोगों के लिए किसी खतरे से कम नहीं है। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों के अनुसार सुबह चार बजे से नौ बजे और शाम पांच बजे से आठ बजे के बीच इन कुत्तों का आतंक सबसे ज्यादा रहता है। जैसे ही कोई बाइक, स्कूटी या साइकिल सवार इस रास्ते से गुजरता है कुत्तों का पूरा झुंड जोर-जोर से भौंकता हुआ उसके पीछे दौड़ पड़ता है। पिछले एक हफ्ते में इस कारण आधा दर्जन से ज्यादा लोग हादसे का शिकार होते-होते बचे हैं। दो दिन पहले एक महिला स्कूटी सवार कुत्तों के डर से संतुलन खो बैठी और गिर गई, जिससे उसे हाथ में चोट आई। स्थानीय निवासी शिवा ने बताया कि बच्चों को स्कूल भेजते हुए डर लगता है। कुत्ते झुंड में हमला कर देते हैं। नगर परिषद को कई बार अवगत करवाया गया है, परंतु कोई सुनवाई नहीं।

एक अन्य दुकानदार सुनील शर्मा ने कहा कि कुत्तों की वजह से ग्राहक भी दुकान पर आने से कतराते हैं। कई बार कुत्ते आपस में ही लडऩे लगते हैं, जिससे सडक़ पर जाम लग जाता है। लोगों का आरोप है कि नगर परिषद पांवटा साहिब द्वारा आवारा कुत्तों को पकडऩे के लिए कोई ठोस अभियान नहीं चलाया जा रहा है। नसबंदी और टीकाकरण का काम भी ठंडे बस्ते में पड़ा है, जिसके कारण इनकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस संबंध में एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने बताया कि लोगों की शिकायत प्राप्त हुई है। यह मामला गंभीर है क्योंकि इससे सीधे तौर पर लोगों की जान को खतरा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस बारे में नगर परिषद के ईओ से बात की है। जल्द ही एक टीम गठित कर बांगरण चौक से विश्वकर्मा चौक तक विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ा जाएगा और उनका टीकाकरण व नसबंदी करवाई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App