प्रथम दीक्षांत समारोह में एंट्री से मोबाइल तक रही सख्ती

By: Oct 7th, 2026 12:02 am

विशेष बसों से पहुंचे छात्र, कर्मचारी और अभिभावक

स्टाफ रिपोर्टर-बिलासपुर
एम्स बिलासपुर में मंगलवार को आयोजित प्रथम दीक्षांत समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के चलते संस्थान में प्रवेश से लेकर वाहनों की आवाजाही तक सख्ती रही। सुबह की शिफ्ट में ड्यूटी पर आने वाले कर्मचारियों, रेजिडेंट डॉक्टरों, नर्सिंग ऑफिसरों और अन्य स्टाफ को गेट नंबर-1 (ओपीडी गेट) से सुबह साढ़े छह बजे से पहले प्रवेश करना अनिवार्य किया गया था। कर्मचारियों को सुबह सात बजे तक अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचना था। बाहर से आने वाले कर्मचारियों को कार शेयर करने की सलाह दी गई और उनके वाहनों के लिए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पार्किंग निर्धारित की गई। हॉस्टल रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में रहने वाले कर्मचारियों, डॉक्टरों और नर्सिंग अधिकारियों के निजी वाहनों को दोपहर दो बजे तक बाहर निकालने की अनुमति नहीं रही।

इन वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा रखा गया। सभी कर्मचारियों, फैकल्टी, रेजिडेंट डॉक्टरों, विद्यार्थियों और नर्सिंग अधिकारियों के लिए संस्थान का आईडी कार्ड पहनना अनिवार्य किया गया था। वही सुरक्षा कर्मियों ने कई स्थानों पर आईडी कार्उ की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखा। दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों, फैकल्टी और कर्मचारियों की सुविधा के लिए सुबह छह बजे से 7:45 बजे तक विशेष बसों और वाहनों की व्यवस्था रही। हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों को शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पार्किंग से अस्पताल के ए ब्लॉक और गेट नंबर-1 होते हुए ऑडिटोरियम तक पहुंचाया गया। वहीं बाहर से आने वाले विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए पुरनम मॉल से ऑडिटोरियम तक विशेष बसें चलाई गईं। ये बसें बिलासपुर बस स्टैंड और नौनियां चौक होकर एम्स पहुंचीं। समारोह के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों को भोजन के लिए डाइनिंग हॉल-ए तक बसों से पहुंचाया गया। भोजन के बाद उन्हें बसों के माध्यम से गेट नंबर-दो के पास टैक्सी स्टैंड तक छोड़ा गया। सुरक्षा के मद्देनजर ऑडिटोरियम के अंदर मोबाइल फोन या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को ले जाने पर रोक रही।

स्कूल बसों की एंट्री बंद, एचआरटीसी सेवा भी प्रभावित
दीक्षांत समारोह के चलते मंगलवार को स्कूल बसों को संस्थान परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। वहीं जारी यातायात निर्देशों के अनुसार एचआरटीसी बस सेवा भी प्रभावित रही और बसों के निर्धारित समय में बदलाव किया गया। यात्रियों को तय ड्रॉप प्वाइंट का ही इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App