बालासुंदरी मंदिर में दस हजार ने टेका माथा
त्रिलोकपुर में नवमी पर उमड़ी भक्तों की भीड़, नवरात्र के दौरान 88,62,000 रुपए तक पहुंचा चढ़ावा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
शक्तिपीठ माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में सोमवार को नवरात्रि के नवमी के अवसर पर उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने परिजनों सहित महामाया बालासुंदरी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने हवन-यज्ञ अनुष्ठान तथा कन्या पूजन भी किया। इस अवसर पर उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने कहा कि श्री महामाया बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में अश्विन नवरात्र मेले में पिछले नौ दिनों से एक लाख से अधिक श्रद्धालु शीश नवा चुके हैं। नौ दिनों के भीतर माता बालासुंदरी मंदिर में 1,03,100 श्रद्धालु शीश नवाने पहुंच चुके हैं। श्रद्धालुओं द्वारा अब तक 88,62,000 रुपए का नकद चढ़ावा मंदिर में चढ़ाया जा चुका है। इसके अलावा 258.300 ग्राम सोना तथा 16090 ग्राम चांदी माता के चरणों में अर्पित की जा चुकी है। सोमवार को नवरात्रि के नवमी की यदि बात करें तो करीब पांच हजार श्रद्धालुओं ने माता बालासुंदरी के मंदिर में दर्शन किए और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। नवमी को देश के विभिन्न राज्यों हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तराखंड, दिल्ली आदि क्षेत्रों से पांच हजार श्रद्धालुओं ने माता बालासुंदरी मंदिर में शीश नवाया।
कालीस्थान मंदिर में लगीं भक्तों की कतारें
नवमी के अवसर पर नाहन के ऐतिहासिक कालीस्थान मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रही। दिन भर कालीस्थान मंदिर मेें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। इसके अलावा कटासन देवी मंदिर, जमटा स्थित माता बालासुंदरी मंदिर व जिला के तमाम देवी स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
