पानी का बिल न भरने पर निगम ने 20 कनेक्शन काटे

By: Oct 30th, 2026 12:52 am

अब तक 1.20 करोड़ रुपए की वसूली, वार्ड 4, 7 और 11 में शनिवार से कटेंगे पानी के कनेक्शन

निजी संवाददाता-सोलन
नगर निगम सोलन ने पेयजल बिलों के बकाया भुगतान को लेकर वसूली अभियान तेज कर दिया है। लंबे समय से पानी के बिल जमा नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर निगम की टीम पानी के कनेक्शन काट रही है। इसी कड़ी में वार्ड नंबर छह में निगम की टीम ने 20 उपभोक्ताओं के पानी के कनेक्शन काट दिए हैं। वहीं, अभियान के तहत अब तक करीब एक करोड़ 20 लाख रुपए की वसूली की जा चुकी है। नगर निगम की इस कार्रवाई से बकायेदारों में हडक़ंप मचा हुआ है। निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि जमा नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। नगर निगम सोलन की मेयर सुषमा शर्मा ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में पानी के बिलों की वसूली के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

निगम की ओर से पहले बकायेदारों की पहचान की जा रही है और इसके बाद बिल जमा नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं के पानी के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। मेयर के अनुसार, वार्ड नंबर छह में कुल 30 बकायेदारों की पहचान की गई थी। इनमें से 20 उपभोक्ताओं ने निर्धारित समय तक बकाया बिल जमा नहीं करवाए, जिसके चलते उनके पानी के कनेक्शन काट दिए गए। मेयर सुषमा शर्मा ने बताया कि अब वार्ड नंबर चार, सात और 11 में बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जानी है। इन वार्डों में शनिवार से पानी के कनेक्शन काटने का अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने संबंधित वार्डों के उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे कार्रवाई शुरू होने से पहले अपने बकाया बिल जमा करवा दें।

बड़े बिलों के भुगतान के लिए दो किश्तों की सुविधा

मेयर ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के पानी के बिलों की बकाया राशि अधिक है, उन्हें राहत देते हुए दो किश्तों में भुगतान करने की सुविधा दी जा रही है। हालांकि, इसके तहत पहली किश्त जमा करवाने के बाद दूसरी किश्त भी एक महीने के भीतर जमा करवाना अनिवार्य होगा। निर्धारित अवधि में दूसरी किश्त जमा नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं के पानी के कनेक्शन भी काट दिए जाएंगे।
सरकारी विभागों से मिले भुगतान भी शामिल
सुषमा शर्मा ने बताया कि नगर निगम अब तक करीब 1.20 करोड़ रुपए की वसूली कर चुका है। इस राशि में सरकारी विभागों से चेक के माध्यम से प्राप्त भुगतान भी शामिल हैं, जिनकी गणना की जा रही है। निगम की ओर से जल्द ही बकायेदारों की नई सूची तैयार करने के साथ वसूली का विस्तृत ब्यौरा भी

संकलित किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App