रेलवे के सामने जनता ने खोला सवालों का पिटारा
कांगड़ा घाटी रेल मार्ग के निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों और सांसद डा. राजीव भारद्वाज से रेल ट्रैक की बदहाली पर जनता के तीखे सवाल, मांगा समाधान
निजी संवाददाता-नगरोटा सूरियां
कांगड़ा घाटी रेल मार्ग के निरीक्षण के दौरान मंगलवार को रेलवे अधिकारियों और सांसद डा. राजीव भारद्वाज के सामने जनता ने ट्रैक की बदहाली को लेकर तीखे सवाल उठाए। लोगों ने कहा कि वर्षों से हर बरसात में रेल मार्ग बार-बार बंद हो रहा है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों ने सांसद के समक्ष रोष जताते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की। लोगों ने सवाल किया कि हर बरसात में कांगड़ा घाटी रेल मार्ग क्यों बंद हो जाता है और आखिर कब तक जनता को परेशानी झेलनी पड़ेगी। सांसद ने रेलवे अधिकारियों से ट्रैक की सुरक्षा और पहाड़ी से बार-बार गिर रहे पत्थरों का स्थायी समाधान तलाशने को कहा।
उन्होंने तकनीकी विशेषज्ञों की टीम तैनात करने तथा जरूरत के अनुसार बॉक्स, सुरक्षा दीवार और अन्य तकनीकी उपाय करने की बात कही। इस दौरान पूर्व विधायक होशियार सिंह ने कहा कि पहले भी बरसात होती थी, लेकिन रेलगाडिय़ां इस तरह बंद नहीं होती थीं। उन्होंने कहा कि जब से रेल ट्रैक को जम्मू डिवीजन के साथ जोड़ा गया है, तब से परेशानियां बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि आज भी कई लोगों के लिए रेलमार्ग आवागमन का मुख्य साधन है। लोगों ने यहां तक कहा कि यदि ट्रैक ठीक नहीं हो सकता और सभी रेलगाडिय़ां नहीं चल सकतीं तो इसे स्थायी रूप से बंद कर दिया जाए, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके। सांसद ने अधिकारियों से कहा कि अस्थायी मरम्मत के बजाय ऐसा स्थायी समाधान तलाशा जाए, जिससे अगली बरसात में ट्रैक फिर बंद न हो। रेलवे अधिकारियों ने पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थरों को बड़ी चुनौती बताते हुए मरम्मत कार्य जारी होने की बात कही। डा. राजीव भारद्वाज ने कहा कि पूरे मामले की रिपोर्ट रेल मंत्री के समक्ष रखी जाएगी। कांगड़ा घाटी रेल मार्ग के स्थायी समाधान के साथ पर्याप्त स्टाफ और सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
रेल बहाली की मांग पर संघर्ष समिति ने सौंपा ज्ञापन
कांगड़ा, बैजनाथ। कांगड़ा घाटी में रेल बहाली की मांग को लेकर रेलवे संघर्ष समिति और स्थानीय जनता ने ज्वालामुखी रोड में सांसद डा. राजीव भारद्वाज और डीआरएम जम्मू विवेक कुमार के समक्ष जोरदार तरीके से मांग उठाई। समिति ने रेल बहाली समेत अन्य मांगों का ज्ञापन सौंपा। सांसद के हस्तक्षेप के बाद डीआरएम ने 11 अक्तूबर से दो ट्रेनें बहाल करने की बात कही। सांसद ने आश्वासन दिया कि वे रेल बहाली का मामला रेल मंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाएंगे। इसके बाद सांसद, डीआरएम और विधायक पवन काजल ने बाथू पुल से कोपर लाहड़ तक प्रभावित रेल ट्रैक का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय जनता, पंचायत प्रतिनिधियों और टैक्सी यूनियन में रोष दिखा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
