त्रिलोकपुर में रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजा माता बालासुंदरी मंदिर का दरबार

By: Oct 11th, 2026 12:52 am

कार्यालय संवाददाता-नाहन
शारदीय नवरात्र के लिए जिला सिरमौर के प्रमुख देवी मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सज गए हैं। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ महामाया माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में 15 दिवसीय नवरात्र मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर न्यास ने लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर में 11, 19 और 24 अक्तूबर को विशेष संध्या आरती होगी। शिव मंदिर के तालाब में नौकायान भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण रहेगा। सुरक्षा और स्वच्छता के मद्देनजर गर्भगृह में नारियल और मुरमुरे का प्रसाद ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। मेले को चार सेक्टरों में बांटा गया है, जहां मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। मंदिर न्यास की अध्यक्ष एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा तथा सदस्य सचिव एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि मेले में 200 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। गुमशुदगी की सूचना के लिए केंद्र स्थापित किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस, होमगार्ड और निजी सुरक्षा एजेंसी के 250 से अधिक जवान तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं के लिए न्यास की 80 बीघा भूमि पर दो हजार से अधिक छोटे वाहनों की पार्किंग बनाई गई है, जबकि बड़ी गाडिय़ों के लिए हिमुडा पार्किंग में व्यवस्था की गई है। नए भंडारा हॉल में प्रतिदिन एक साथ छह भंडारे आयोजित हो सकेंगे। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तीन डिस्पेंसरी स्थापित की गई हैं, जहां चिकित्सक और नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। अस्थायी शौचालय और ठहरने की व्यवस्था भी की गई है। उधर, नाहन के ऐतिहासिक कालीस्थान मंदिर को भी नवरात्र के लिए सजाया गया है। मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों देवेंद्र अग्रवाल, राकेश अग्रवाल और योगेश गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भंडारे, चाय और नाश्ते का प्रबंध रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App