साउथ एशियन गेम्स हैं भावना का अगला लक्ष्य, एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान

By: Oct 12th, 2026 11:48 pm

कार्यालय संवाददाता— मंडी

एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली हिमाचल की बेटी भावना ठाकुर की नजर आगामी साउथ एशियन गेम्स और इंडोर टूर्नामेंट पर है। उन्होंने साफ किया कि कबड्डी फिलहाल ओलंपिक खेलों का हिस्सा नहीं है, इसलिए उनका पूरा ध्यान आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतने पर रहेगा। करीब 14 से 15 साल के संघर्ष, अनुशासन और लगातार अभ्यास के बाद इस मुकाम तक पहुंचीं भावना की सफलता आज प्रदेश के युवा खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणा बन गई है। मंडी में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह के दौरान भावना ठाकुर ने कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना हर कबड्डी खिलाड़ी का सपना होता है।

करीब 14 वर्षों की मेहनत के बाद उनका यह सपना पूरा हुआ है। अब वह आगामी प्रतियोगिताओं के लिए पसीना बहा रही हैं। स्वागत समारोह के दौरान भावना ने प्रदेश सरकार की ओर से घोषित प्रोत्साहन राशि पर भी आभार जताया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में खिलाडिय़ों के लिए 33-33 लाख रुपए की राशि घोषित होने पर उन्हें निराशा हुई थी। इसके बाद खिलाडिय़ों ने शिमला पहुंचकर अपनी बात सरकार के समक्ष रखी। भावना के अनुसार, मुख्यमंत्री सुक्खू ने उनकी बात को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को एक-एक करोड़ देने की घोषणा की।

लॉकडाउन में भी नहीं टूटने दिया हौसला

भावना ठाकुर के खेल सफर में लॉकडाउन का दौर सबसे चुनौतीपूर्ण रहा। छात्रावास बंद होने के कारण नियमित अभ्यास प्रभावित हुआ और सीमित संसाधनों के बीच तैयारी जारी रखना मुश्किल था। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा। भावना ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App