पुरुष टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में कड़ा मुकाबला, जोश हेजलवुड सातवें नंबर पर, मिचेल स्टार्क शीर्ष पर बरकरार

By: Oct 15th, 2026 12:06 am

नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने पुरुष टेस्ट खिलाडिय़ों की भी ताजा रैंकिंग जारी की। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मैट रेनशॉ टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में संयुक्त रूप से 49वें स्थान पर पहुंच गया। रेनशॉ मैच से पहले टॉप 100 से बाहर थे। उनके साथी और टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में पूर्व में शीर्ष स्थान पर रह चुके मार्नस लाबुशेन भी चार पायदान ऊपर चढक़र 34वें स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने चार स्थान का सुधार करते हुए संयुक्त रूप से दसवां स्थान हासिल किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन के बाद दक्षिण अफ्रीका के वियान मुल्डर एक स्थान ऊपर चढक़र चौथे और साइमन हार्मर पांच पायदान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 23वें स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड दो स्थान चढक़र सातवें नंबर पर पहुंच गया है। उनके साथी मिचेल स्टार्क शीर्ष पर बरकरार हैं।

डरबन टेस्ट में तीन विकेट लेने के बावजूद स्टार्क (865) की टॉप पर बढ़त सिर्फ चार रेटिंग अंक की रह गई है। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी (861) दूसरे नंबर पर हैं। तीन साल से ज्यादा समय बाद अपना पहला रेड-बॉल मैच खेलने के बाद दक्षिण अफ्रीका के एनरिक नॉखिया रैंकिंग में 34वें स्थान पर वापस आ गए हैं। भारत के अनुभवी खिलाड़ी रविंद्र जडेजा टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में शीर्ष पर अपनी मजबूत स्थिति बनाए हुए हैं। अबू धाबी में अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच के ड्रॉ पर खत्म होने के बाद दोनों देशों के खिलाडिय़ों की रैंकिंग में कुछ बदलाव हुए हैं। रहमत शाह (13 स्थान चढक़र 13वें पर) और लिटन दास (तीन स्थान चढक़र संयुक्त रूप से 29वें पर) ने बैटिंग रैंकिंग में अपनी स्थिति बेहतर की है। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद (सात स्थान चढक़र 38वें पर) को पांच विकेट हॉल लेने का लाभ मिला है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App