ई-टैक्सी के लिए दो युवाओं को 14.67 लाख की सबसिडी

By: Oct 7th, 2026 12:01 am

राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के तहत जिला स्तरीय समिति ने दी मंजूरी, शिमला में दौड़ रहीं 20 ई-टैक्सियां

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला में युवाओं को स्वरोजगार से जोडऩे के लिए चल रही राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के तहत दो और आवेदकों को ई-टैक्सी खरीदने के लिए 50 प्रतिशत सबसिडी देने को मंजूरी मिल गई है। मंगलवार को उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में दोनों मामलों पर विस्तार से चर्चा और दस्तावेजों की जांच के बाद स्वीकृति प्रदान की गई। दोनों आवेदकों को कुल 14 लाख 66 हजार 950 रुपए की सबसिडी मिलेगी। बैठक में संदीप कुमार पुत्र मान सिंह को ई-टैक्सी के एक्स-शोरूम मूल्य पर 7 लाख 49 हजार 950 रुपये तथा ईश्वर दास पुत्र ठाकुर दास को 7 लाख 17 हजार रुपए की सब्सिडी देने के मामले समिति के समक्ष रखे गए। समिति ने दोनों आवेदनों से संबंधित दस्तावेजों, योजना में निर्धारित पात्रता और प्रक्रिया की समीक्षा करने के बाद इन्हें मंजूरी दी।

शिमला जिला में राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना-2023 के तहत अब तक कुल 11 आवेदकों ने पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया है। इनमें से पांच आवेदनों को जिला स्तरीय समिति पहले ही मंजूरी दे चुकी है। इनमें दो आवेदनों को 28 जून, 2025 और तीन आवेदनों को 17 जुलाई, 2025 को अनुमोदन प्रदान किया गया था। बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मोहन लाल, जिला रोजगार अधिकारी प्रवीण नागरयक, महाप्रबंधक जीआईसी संजय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जिला स्तरीय समिति के सदस्य मौजूद रहे।

अब तक सात लाभार्थियों को मिल चुका है योजना का लाभ

जिला स्तरीय समिति की बैठक में बताया गया कि शिमला जिला में अब तक कुल सात लाभार्थी राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। इन लाभार्थियों को कुल 60 लाख 94 हजार 295 रुपए की सबसिडी वितरित की जा चुकी है। योजना के तहत ई-टैक्सी के लिए एक्स-शोरूम मूल्य पर 50 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान है। योजना का असर अब शिमला की सडक़ों पर भी दिखाई देने लगा है। जिला में वर्तमान में 20 ई-टैक्सियां संचालित हो रही हैं। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने संबंधित अधिकारियों को योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ उपलब्ध करवाने पर जोर देते हुए कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App