World Standards Day 2026 : पुलिस कर्मियों को कानूनी प्रावधानों पर ज्ञान

By: Oct 11th, 2026 12:02 am

विश्व मानक दिवस पर पुलिस मुख्यालय में सुरक्षा मानकों पर चर्चा

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो के परवाणू शाखा कार्यालय की ओर से शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय शिमला में क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को उत्पादों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों, प्रमाणन प्रक्रिया और मानक चिन्हों के दुरुपयोग से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूक करना था। कार्यक्रम में पुलिसिंग और जनसुरक्षा से संबंधित भारतीय मानकों के साथ-साथ उपभोक्ता संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का संचालन भारतीय मानक ब्यूरो के हिमाचल कार्यालय के वैज्ञानिक-ई एवं प्रमुख सुभाष चंद नायक तथा वैज्ञानिक-ई एवं निदेशक शिव प्रकाश ने किया। बीआईएस के प्रतिनिधियों ने भारतीय मानक ब्यूरो की भूमिका और कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि यह भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अंतर्गत कार्य करता है। उन्होंने मानकीकरण, अनुरूपता मूल्यांकन, उत्पाद प्रमाणन, हॉलमार्किंग, प्रयोगशाला व प्रशिक्षण से संबंधित कार्यों की जानकारी भी साझा की। पुलिस कर्मियों को आईएसआई मार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी के निर्दिष्ट उत्पादों के लिए लागू अनिवार्य पंजीकरण योजना, गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों के बारे में बताया गया।

नकली आईएसआई हॉलमार्क की पहचान
कार्यक्रम में सोने और चांदी के आभूषणों की हॉलमार्किंग तथा हॉलमार्क विशिष्ट पहचान संख्या के महत्त्व पर भी जानकारी दी गई। बीआईएस प्रतिनिधियों ने वास्तविक मानक चिन्हों और हॉलमार्क की पहचान करने के तरीकों के बारे में बताया। साथ ही नकली चिन्हों और प्रमाणन चिन्हों के अनधिकृत इस्तेमाल के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App