चार फुट का फुटपाथ, मौके पर मिला 80 सेंटीमीटर

By: Oct 7th, 2026 12:01 am

स्वीकृत एस्टीमेट से कम चौड़ाई मिलने पर नगर निगम और लोक निर्माण विभाग ने किया संयुक्त निरीक्षण, रिपोर्ट तलब

निजी संवाददाता-सोलन
सोलन शहर में निर्माणाधीन पैदल रास्ते की चौड़ाई स्वीकृत एस्टीमेट के अनुरूप नहीं मिलने पर मंगलवार को नगर निगम सोलन और लोक निर्माण विभाग की टीम ने मौके का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रास्ते की वास्तविक चौड़ाई करीब 80 सेंटीमीटर पाई गई, जबकि स्वीकृत एस्टीमेट के अनुसार इसकी चौड़ाई करीब चार फुट यानी 121.92 सेंटीमीटर निर्धारित है। चौड़ाई में अंतर सामने आने के बाद नगर निगम ने लोक निर्माण विभाग से मामले की रिपोर्ट तलब की है। नगर निगम सोलन के एसडीओ गोपीचंद ने बताया कि पैदल रास्ते के निर्माण के लिए नगर निगम की ओर से लोक निर्माण विभाग को फंड उपलब्ध करवाया गया है।

निर्माण कार्य स्वीकृत एस्टीमेट और निर्धारित मापदंडों के अनुसार हो रहा है या नहीं, इसकी जांच के लिए दोनों विभागों की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान एस्टीमेट में निर्धारित चौड़ाई और मौके पर बनी चौड़ाई में अंतर मिला। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग से स्थिति स्पष्ट करने के साथ संयुक्त निरीक्षण की रिपोर्ट उपलब्ध करवाने को कहा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल सकेगा कि रास्ते की चौड़ाई कम क्यों रखी गई। इसके बाद नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता से भी बातचीत की जाएगी। एसडीओ ने बताया कि रास्ते के नीचे आरसीसी की पक्की ड्रेनेज बनाई गई है। बारिश के पानी की निकासी के लिए रास्ते के किनारों पर आवश्यक छेद भी रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक उपयोग के रास्ते का निर्माण स्वीकृत एस्टीमेट और निर्धारित मानकों के अनुरूप होना जरूरी है, ताकि भविष्य में लोगों को परेशानी न हो।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App