ज्ञानेश का इस्तीफा लेकर रहेगा इंडिया ब्लॉक, कल से देश भर में मार्च, 19 विपक्षी दल घेरेंगे चुनाव आयोग

By: Oct 1st, 2026 12:08 am

कल से आठ अक्तूबर तक देश भर में करेंगे मार्च, 19 विपक्षी दल छह को चुनाव आयोग घेरेंगे

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

राजधानी दिल्ली में बुधवार को आयोजित इंडिया ब्लॉक की तीन घंटे चली बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), ईवीएम और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर चर्चा हुई। इस बैठक के बाद विपक्षी दलों के नेताओं ने दावा किया है कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस समेत 19 विपक्षी पार्टियां दो से आठ अक्तूबर तक देशभर में मार्च निकालेंगी। इसके अलावा छह अक्तूबर को चुनाव आयोग का घेराव किया जाएगा।

राष्ट्रपति से भी मिलेंगे और देश में कई बड़ी रैलियां होंगी। सबका कहना था कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ केस चलना चाहिए, फिलहाल, इस्तीफे से इसकी शुरुआत होनी चाहिए। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी- गृहमंत्री शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग को कठपुतली बना दिया है। भाजपा चुनाव आयोग के साथ वोट चोरी कर रही है।

तीन घंटे चली बैठक में चार बातों पर सहमति

1. ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए संसद में प्रस्ताव लाया जाए
2. वोटर लिस्ट से हटाए गए नामों को सार्वजनिक किया जाए
3. नाम हटाने से पहले वोटर को नोटिस और अपील का मौका मिले
4. ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App