अब इस राज्य में ई-20 की जांच शुरू, कर्नाटक के बाद एक्शन में सरकार, सैंपल जुटाने के निर्देश

By: Nov 9th, 2026 10:32 pm

एजेंसियां— तिरुवनंतपुरम

केरल सरकार ने पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा की जांच के लिए राज्यभर में पेट्रोल पंपों पर अचानक निरीक्षण शुरू कर दिया है। सरकार ने अलग-अलग जिलों से पेट्रोल के सैंपल लेकर सरकारी प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजने का फैसला किया है। इसका मकसद यह पता लगाना है कि ई-20 पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा तय 20 प्रतिशत की सीमा से ज्यादा तो नहीं है। केरल का यह कदम पड़ोसी राज्य कर्नाटक में पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बाद आया है। कर्नाटक के मंत्रियों ने आरोप लगाया कि पेट्रोल में ज्यादा एथेनॉल मिलाने से गाडिय़ों के इंजन खराब हो रहे हैं और उनका माइलेज भी घट रहा है। कोच्चि में जांच टीमों ने कई पेट्रोल पंपों से सैंपल जुटाए।

एर्नाकुलम जिले के चेम्बुमुक्कू स्थित इंडियन ऑयल के एक पेट्रोल पंप पर तेल कंपनी के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पेट्रोल के अलग-अलग बैच से सैंपल लिए गए। एर्नाकुलम के जिला आपूर्ति अधिकारी शाजी पीआर ने बताया कि चेम्बुमुक्कू स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप से सामान्य पेट्रोल के छह सैंपल लिए गए हैं। हर नमूना एक लीटर का है। इनमें से दो नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। बाकी नमूनों की जांच भी तय प्रक्रिया के तहत की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। केरल के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अनूप जैकब ने बताया कि नागरिक आपूर्ति आयुक्त को राज्य के उत्तरी और दक्षिणी जिलों से पेट्रोल के सैंपल जुटाने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में नमूने लेने के लिए कहा गया है, ताकि जांच की प्रक्रिया पारदर्शी रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App