विशेष

Divya Himachal Survey : दिल्ली रैली से डबल हुई विपक्ष की ताकत

By: Nov 9th, 2026 10:18 pm
Divya Himachal Survey:

‘दिव्य हिमाचल’ सर्वे में 51 फीसदी ने माना, विपक्ष हुआ एकजुट

हैडक्वार्टर ब्यूरो — मटौर

दिल्ली के रामलीला मैदान या किसी बड़े मंच पर विपक्षी नेताओं का एक साथ आना सियासी एकजुटता का संदेश जरूर देता है, लेकिन क्या यह एकजुटता जनता के बीच भी दिखाई दे रही है? क्या विपक्ष अब सत्ता पक्ष को चुनौती देने की स्थिति में है? ‘दिव्य हिमाचल’ के साप्ताहिक सर्वे में जनता की राय ली गई, तो ज्यादातर ने माना कि इस रैली से विपक्ष एकजुट हुआ है। सवाल था- क्या दिल्ली रैली के बाद भारत का विपक्ष एकजुट हुआ है? सात दिन तक चले सर्वे में कुल 776 लोगों ने हिस्सा लिया। इनमें 51 प्रतिशत ने हां में जवाब देकर विपक्ष की एकजुटता पर मुहर लगाई, जबकि 43 प्रतिशत ने इसे नकार दिया। वहीं 0.06 प्रतिशत प्रतिभागियों ने ‘पता नहीं’ कहा। दिव्य हिमाचल टीवी के फेसबुक पेज पर किन्नी चंदेल ने लिखा कि विपक्ष तो हमेशा साथ है। हरीश इशू शर्मा ने टिप्पणी की कि देश के अंदर एक आग तो सुलग रही है, लेकिन उसे वोटों में तबदील करना असल चुनौती है।

सत्ता पक्ष यह काम बखूबी जानता है। इशानवी अंकुश सुरयाल ने लिखा कि बाकी का तो पता नहीं, लेकिन जो दिल्ली गए थे, वे भी एकजुट नहीं हो सके। एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में विपक्षी एकता का बड़ा राजनीतिक प्रदर्शन देखने को मिला। रैली में चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सवाल उठाए गए। कांग्रेस की ओर से 10 लाख लोगों के जुटने की उम्मीद जताई गई थी, लेकिन भाजपा ने रैली में खाली कुर्सियों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।

हिमाचल से टारगेट

दिल्ली रैली में हिमाचल ने भी कांग्रेस की ताकत दिखाई। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने रैली से पहले करीब 15 हजार लोगों के दिल्ली पहुंचने की बात कही थी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और पार्टी के कई मंत्री, विधायक व पदाधिकारी भी रैली में शामिल हुए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App