चूड़धार ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर

By: Nov 16th, 2026 12:01 am

निजी संवाददाता-नौहराधार
जिला सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में रविवार सुबह सीजन की तीसरी बर्फबारी हुई। चूड़ेश्वर महादेव मंदिर परिसर सहित आसपास की ऊंची पहाडिय़ों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली। बर्फबारी हल्की रही, लेकिन इसके चलते पूरे क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। इससे पहले चूड़धार में 8 और 11 अक्तूबर को भी बर्फबारी हो चुकी है। शनिवार शाम से ही क्षेत्र में ठंडी हवाएं चल रही थीं। रविवार सुबह ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरने शुरू हो गए, जबकि नौहराधार सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई।

मंदिर परिसर की छतों, सीढिय़ों और सोलर पैनलों पर बर्फ की हल्की परत जम गई। मौसम में आए बदलाव का असर नौहराधार और हरिपुरधार में भी देखने को मिला। तापमान में गिरावट से लोगों आग का सहारा लेते नजर आए। जानकारी के अनुसार देवठन के अवसर पर 20 नवंबर को चूड़ेश्वर महादेव मंदिर के कपाट विधिवत बंद किए जा सकते हैं। इसके बाद प्रशासन की ओर से चूड़धार यात्रा पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। चूड़ेश्वर समिति के प्रबंधक बाबूराम शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह चूड़धार में हल्की बर्फबारी हुई है, जिससे ठंड अत्यधिक बढ़ गई है। इसके बावजूद कुछ यात्री चूड़धार पहुंच रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही यात्रा की योजना बनाने और अनावश्यक जोखिम से बचने की अपील की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App