जेएनवी में छात्रों को दिखाई सुनहरे भविष्य की राह

By: Nov 19th, 2026 12:01 am

नवोदय कुनिहार में सजा करियर काउंसलिंग का मंच, करियर बनाने के सिखाए गुर

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुनिहार
जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों से आए प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया तथा भविष्य में उपलब्ध करियर विकल्पों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

विद्यालय के प्राचार्य केके यादव ने बताया कि इस मेले में सीजीसी मोहाली, बाहरा यूनिवर्सिटी, चितकारा यूनिवर्सिटी, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर तथा हिम अकादमी हमीरपुर से आए प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर कुनिहार के स्थानीय विद्यालयों जीएसएसएस कुनिहार, बीएलएस एसएस स्कूल कुनिहार, एसवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुनिहार तथा गुरुकुल स्कूल कुनिहार के विद्यार्थियों ने भी करियर काउंसलिंग मेले में भाग लिया और विशेषज्ञों से अपने भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। विद्यालय के एनसीसी अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि विद्यालय के 50 एनसीसी कैडेट्स ने भी मेले में भाग लिया। कैडेट्स ने विशेष रूप से राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में प्रवेश, चयन प्रक्रिया, पात्रता एवं सैन्य सेवाओं में करियर बनाने के संबंध में काउंसलरों से जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक सत्य प्रकाश सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App