नाले में फंसी कार, चीख-ओ-पुकार सुन देवदूत बने युवक
सिटी रिपोर्टर-सुजानपुर
विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर की ग्राम पंचायत चलोह के छनेड़ गांव में एक वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे नाले की ओर जा गिरा और बीच में फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही गांव के युवा एकजुट होकर मौके पर पहुंचे और घायल युवक की तलाश में जुट गए। अंधेरे के बीच युवाओं को जब नाले की ओर से घायल की चीख सुनाई दी, तो उन्होंने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। स्थानीय युवाओं के अनुसार, जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो वाहन नाले में फंसा हुआ था। नीचे उतरने के लिए कुछ युवाओं ने रास्ता बनाया। इसी दौरान उन्हें घायल युवक के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद सभी ने मिलकर काफी मशक्कत की और घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवाओं ने घटना की सूचना पुलिस को भी दी। सूचना मिलते ही सुजानपुर थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घायल युवक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। अंधेरा होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त वाहन की सही स्थिति और उसके नाले में फंसे होने की जगह का स्पष्ट पता लगाना मुश्किल हो रहा था।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
