पुलिस पेंशनरों ने मांगा डीए और लंबित एरियर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- नालागढ़
पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन ने प्रदेश सरकार से लंबे समय से लंबित वित्तीय देनदारियों का शीघ्र भुगतान करने और बकाया 13 प्रतिशत महंगाई भत्ता एरियर सहित जारी करने की मांग उठाई है। एसोसिएशन ने सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारियों के मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाने पुलिस पेंशनरों के लिए मोबाइल कैंटीन की सुविधा शुरू करने तथा निधन पर पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार सुनिश्चित करने की भी मांग की है। रविवार को नालागढ़ में आयोजित एसोसिएशन की त्रैमासिक महासभा में पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में करीब 70 सदस्यों ने भाग लिया और सर्वसम्मति से विभिन्न प्रस्ताव पारित कर सरकार तथा पुलिस मुख्यालय से इन पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया।
एसोसिएशन की अध्यक्ष पुष्प लता सूद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पुलिस विभाग में वर्षों तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को अपने वित्तीय अधिकारों और चिकित्सा संबंधी देनदारियों के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को वरिष्ठ पेंशनरों की आयु और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करना चाहिए। बैठक में मांग उठाई गई कि वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पुलिस कर्मचारियों के संशोधित वेतनमान ग्रेच्युटी लीव एन्कैशमेंट और कम्युटेशन सहित अन्य देनदारियों का एकमुश्त भुगतान किया जाए। इसके अलावा सरकार द्वारा कम्युटेशन को रिवाइज नहीं करने संबंधी जारी आदेश वापस लेने की मांग भी की गई। पेंशनरों ने आयु के अनुसार हर पांच वर्ष पर मिलने वाली पांच प्रतिशत पेंशन वृद्धि को मूल पेंशन में समायोजित करने का मुद्दा भी उठाया। एसोसिएशन ने यह व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की कि भविष्य में सेवानिवृत्त होने वाले प्रत्येक पुलिस कर्मचारी को उसके सभी फंड और देनदारियों का भुगतान रिटायरमेंट के एक महीने के भीतर कर दिया जाए। महासभा में चिकित्सा बिलों के लंबित भुगतान पर भी चिंता जताई गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
