पुलिस भर्ती… 4526 अभ्यर्थी नहीं पार कर पाए ग्राउंड की बाधा
महिला वर्ग में 1177 और पुरुष वर्ग में 1575 अभ्यर्थी सफल, 7278 ने शारीरिक परीक्षा में लिया था हिस्सा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
जिला सिरमौर में पुलिस आरक्षी के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित शारीरिक प्रवीणता एवं शारीरिक मापदंड परीक्षा गुरुवार को संपन्न हो गई। पुलिस लाइन नाहन में 27 अक्तूबर से पांच नवंबर तक चली भर्ती प्रक्रिया की अध्यक्षता पुलिस उप-महानिरीक्षक अंजुम आरा ने की। भर्ती के अंतिम दिन पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा आयोजित की गई। पूरी भर्ती प्रक्रिया के दौरान महिला और पुरुष वर्ग को मिलाकर हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से कुल 9646 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 7278 अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षा में भाग लिया, जबकि 2752 अभ्यर्थी ही सफल हो सके।
इस तरह कुल 4526 अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा की बाधा पार नहीं कर पाए। महिला वर्ग में कुल 3314 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 2620 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1177 सफल रहीं। वहीं, पुरुष वर्ग में कुल 6332 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 4658 अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षा दी और 1575 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए। भर्ती प्रक्रिया के आंकड़ों के अनुसार महिला और पुरुष दोनों वर्गों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में सफल नहीं हो पाए। सफल अभ्यर्थियों के लिए भर्ती का अगला चरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आयोजित किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
