भाजपा-अकाली दल समझौते की पृष्ठभूमि

पंजाब को केजरीवाल ने जिस हालत में पहुंचा दिया है, उसे देख कर सभी चिंतित हैं। पुलिस स्टेशनों पर हमले हो रहे हैं। हत्याएं हो रही हैं…

आज से छह साल पहले 2020 में भाजपा और अकाली दल का समझौता टूट गया था। वैसे तो यह माना जाता है कि यह समझौता 1997 में हुआ था लेकिन वास्तव में यह गठबंधन 1967 के चुनावों के बाद से ही उस समय के भारतीय जनसंघ और अकाली दल में किसी न किसी रूप में शुरू हुआ था। आज का पंजाब 1966 के राज्य पुनर्गठन अधिनियम के अन्तर्गत अस्तित्व में आया था। इसके बाद 1967 में नए पंजाब की विधानसभा के लिए चुनाव हुए थे। उस समय पंजाब विधानसभा की 104 सीटें थीं। अकाली दल आज की तरह ही दो भागों में विभक्त था। तब अकाली दल (संत फतेह सिंह) ने 24 सीटें, अकाली दल (मास्टर तारा सिंह) ने दो सीटें जीती थीं। भारतीय जनसंघ ने 9, सीपीआई ने पांच, सीपीएम ने तीन, रिपब्लिकन पार्टी ने तीन, सोशलिस्ट पार्टी ने एक और कांग्रेस ने 48 सीटें जीती थीं। कांग्रेस को विश्वास था कि उसकी सरकार ने पंजाबी सूबे की मांग स्वीकार कर, पंजाब बनाया है, इसलिए लोग उसकी सरकार बनाएंगे। अकाली दल को आशा थी कि उसने लम्बे संघर्ष के बाद पंजाबी सूबा बनवाया है, इसलिए पंजाब के लोग उसकी सरकार बनाएंगे। लेकिन दोनों को निराशा ही हाथ लगी।

अलबत्ता राम मनोहर लोहिया जो लम्बे अरसे से ‘हटाओ कांग्रेस’ का वातावरण बना रहे थे, उसका यह असर जरूर हुआ कि देश भर में कई ताकतें कांग्रेस के विरोध में गठबंधन करने लगीं ताकि कांग्रेस को सत्ता से हटाया जा सके। इस पृष्ठभूमि में अकाली-जनसंघ गठबन्धन भी हुआ था। लेकिन राजनीतिक क्षेत्रों में उस वक्त सबसे ज्यादा हैरानी भी इसी गठबन्धन को लेकर हुई थी। इसका कारण था, पुनर्गठन का सारा आन्दोलन ही अकाली दल और जनसंघ के बीच सिमटा हुआ था। अकाली दल की उस समय मांग थी कि पंजाब का विभाजन किया जाए और ऐसे इलाकों की शिनाख्त की जाए जहां के लोग पंजाबी बोलते हैं। पंजाब में केवल वही इलाके रहने चाहिएं। शेष इलाकों को पंजाब से बाहर निकाल कर नया प्रदेश बना दिया जाए। जबकि भारतीय जनसंघ का आन्दोलन था कि पंजाब पांच नदियों का प्रदेश है, इसलिए इसमें हिमाचल प्रदेश को भी मिला कर महा पंजाब बनाया जाए। कहने का अभिप्राय यह था कि पंजाबी सूबा आन्दोलन में अकाली दल और भारतीय जनसंघ धुर विरोधी ध्रुव थे, इसलिए उनका एक मंच पर बैठना संभव नहीं था। उस समय भारतीय जनसंघ के महामंत्री यज्ञदत्त शर्मा थे। उनका कहना था कि राजनीति से ऊपर उठकर पंजाब के हितों के लिए एकसाथ आना जरूरी है। इस पृष्ठभूमि में अकाली-जनसंघ गठबन्धन हुआ था। बीच में उतार-चढ़ाव आते रहे, लेकिन विचार विमर्श का एक धरातल बना रहा। यह इस धरातल का ही परिणाम था कि जब 1975 में इंदिरा गान्धी ने देश में कांग्रेस की तानाशाही स्थापित करने के लिए संविधान में परिवर्तन कर दिए और देश में आपात काल की घोषणा कर दी, तो अकाली दल ने उस समय के जनसंघ के साथ कंधे से कन्धा मिला कर संघर्ष किया था।

उसके भी हजारों कार्यकर्ता जेल गए थे। जबकि इन्दिरा गान्धी ने अल्पसंख्यक इत्यादि की कहानियां सुना कर अकाली दल को आपात काल विरोधी देशव्यापी संघर्ष से तोडऩे की कोशिश की थी। यही कारण है कि 1977 के चुनावों में अकाली दल और नव निर्मित जनता पार्टी मिल कर चुनाव लड़े थे। पंजाब में उस समय जनता पार्टी का अर्थ जनसंघ ही था। 1980 में जनता पार्टी के विघटन के बाद भारतीय जनता पार्टी बनी, जिसे भारतीय जनसंघ का अवतार ही कहा जाता था और अकाली दल में एक बार फिर से एक साथ मिल कर चलने की चर्चा होने लगी थी। इसका श्रेय पंजाब के लोगों को ही जाता है कि उनकी इच्छा और जरूरत को देखते हुए अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी ने फिर से एक मंच पर आने का निर्णय किया। दरअसल 1971 में पाकिस्तान के विभाजित हो जाने के बाद शेष बचे पाकिस्तान ने पंजाब की राजनीति में अनधिकृत रुचि लेना शुरू कर दिया था। परोक्ष रूप से उसने पंजाब की राजनीति में भी दखलंदाजी शुरू कर दी थी। दुर्भाग्य से इस बार कांग्रेस ने भी पंजाब में आग पर घी डालने का काम किया था। दिल्ली में 1984 में कांग्रेस ने जिस प्रकार पूरी योजना से सिखों का नरसंहार किया, उसने सचमुच भारतीय आत्मा को हिला कर रख दिया था। दरअसल जब से सोनिया गान्धी के हाथ में कांग्रेस की कमान आ गई, तब से मानो कांग्रेस में से भारतीय आत्मा को निकाल कर उसके स्थान पर सर ह्यूम रोज की आत्मा को पुन: प्रतिष्ठित किया गया हो। कांग्रेस में हुए इन नए परिवर्तनों से लडऩा अनिवार्य था। इसे पंजाब की प्रबुद्ध जनता ने पहचाना और एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी और अकाली दल ने मिल कर इससे लडऩे का निर्णय किया। इसी निर्णय में से 1997 में अकाली-भाजपा गठबन्धन ने आकार ग्रहण किया था।

यह गठबन्धन लम्बे अर्से तक चला। इसका सबसे बड़ा लाभ यह हुआ कि विदेशी शक्तियों के षड्यंत्रों से लहूलुहान हो रहा पंजाब एक बार फिर पटरी पर लौट आया। पंजाब विकास के पथ पर आगे बढऩे लगा। 2020 में पंजाब में किसान आन्दोलन के कारण अकाली दल में कुछ लोगों को शायद ऐसा आभास होने लगा कि किसान आन्दोलन के चलते पंजाब की जनता भारतीय जनता पार्टी से नाराज ही नहीं बल्कि क्रुद्ध है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी के साथ एक मंच पर दिखाई देना राजनीतिक लिहाज से हानिकारक है। इसलिए 2020 में अकाली दल ने भारतीय जनता पार्टी के गठबन्धन से अलग होने की स्वयं ही घोषणा कर दी। उस समय शायद अकाली दल में कुछ लोगों को यह ध्यान में नहीं रहा कि अकाली-भाजपा गठबन्धन राजनीतिक कारणों से बना ही नहीं था। इस गठबन्धन का उद्देश्य पंजाब में सामाजिक-सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करना है, जिनमें अंग्रेजों ने अपने शासन काल में ही दरारें डालने के षड्यंत्र बुनने शुरू कर दिए थे। दूसरे गठबंधन से निकलते समय अकाली दल में शायद कुछ लोग किसान आन्दोलन के प्रभावों का सही ढंग से आकलन नहीं कर पाए। आन्दोलन किसी एक मुद्दे पर केन्द्रित होता है, वह मुद्दा जरूरी नहीं राजनीतिक परिणाम भी देना शुरू कर दे। यही कारण था कि आन्दोलन की जीत के बाद भी पंजाब के लोगों ने आन्दोलनकारियों को पंजाब की सत्ता नहीं सौंपी, जिसकी उनको पूरी आशा थी और वे चुनाव में पूरी तैयारी से उतरे भी थे। यहां तक कि सभी स्थानों पर उनकी जमानतें जब्त हो गई थीं। अकाली-भाजपा गठबन्धन टूटने से पंजाब की जनता में जो निराशा आई, उसके फलस्वरूप 2022 के पंजाब विधानसभा चुनावों में अकाली दल महज तीन और भाजपा दो सीटों पर सिमट कर रह गई।

इस स्थिति का सबसे ज्यादा लाभ उन शक्तियों ने उठाया जो पहले से पंजाब को अस्थिर करना चाहती थीं। वे पंजाब में अराजकता की स्थिति पैदा करना चाहती थीं। अरविन्द केजरीवाल अरसे से दिल्ली के जंतर मंतर पर चिल्ला रहे थे कि मैं अराजकता ही पैदा करना चाहता हूं। इसमें शायद सोनिया गान्धी की कांग्रेस ने भी अपनी भूमिका अदा की, जब उसने चुनाव से महज तीन-चार महीने पहले पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को अपमानजनक तरीके से मुख्यमंत्री पद से अपदस्थ कर दिया। इस प्रकार परिश्रम पूर्वक बनाए गए शून्य में अरविन्द केजरीवाल की पार्टी के हाथ सत्ता लग गई। उसका परिणाम क्या हुआ, यह शायद विस्तार से चर्चा करने की जरूरत नहीं है। पंजाब को केजरीवाल ने जिस हालत में पहुंचा दिया है, उसे देख कर सभी चिन्तित हैं। पुलिस स्टेशनों पर हमले हो रहे हैं। दिन दिहाड़े हत्याएं हो रही हैं। बम विस्फोट हो रहे हैं। फिरौतियां मांगी जा रही हैं। हर तीसरे दिन पंजाब का कोई न कोई नौजवान नशे का शिकार होकर दम तोड़ रहा है। ऐसी स्थिति में पंजाब में जनता का दबाव बढ़ता जा रहा था कि पुराने मनमुटाव को भूल कर भारतीय जनता पार्टी और अकाली दल को एक मंच पर आना चाहिए। तभी दोबारा गठजोड़ हुआ है।

कुलदीप चंद अग्निहोत्री

वरिष्ठ स्तंभकार

ईमेल:kuldeepagnihotri@gmail.com


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App