राज्य स्तरीय रोल प्ले प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

By: Nov 19th, 2026 12:01 am

सोलन में विद्यार्थियों ने सामाजिक, स्वास्थ्य और जीवन कौशल से जुड़े विषयों पर दी प्रभावशाली प्रस्तुतियां

स्टाफ रिपोर्टर -सोलन
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, हिमाचल प्रदेश, रबोण, सोलन में राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2025-26 की राज्य स्तरीय रोल प्ले एवं लोकनृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम एनसीईआरटी, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में संचालित एक महत्वपूर्ण शैक्षिक पहल है,जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को जनसंख्या शिक्षा, किशोरावस्था संबंधी मुद्दों, स्वास्थ्य, पोषण, जीवन कौशल, लैंगिक समानता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना है।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित रोल प्ले एवं लोकनृत्य प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल प्रदर्शित करने का एक प्रभावी मंच प्रदान करती हैं। रोल प्ले के माध्यम से विद्यार्थी शैक्षिक समस्याओं को नाटकीय प्रस्तुतियों के माध्यम से सामने लाते हैं, जबकि लोकनृत्य के माध्यम से भारतीय लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक संदेशों को कलात्मक रूप में प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। हिमाचल प्रदेश के सभी 11 जिले के प्रतिभागियों ने भाग लिया। आयोजित रोल प्ले प्रतियोगिता में विभिन्न निर्धारित विषयों पर विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने अभिनय, संवाद, रचनात्मकता एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से संबंधित विषयों के सामाजिक एवं शैक्षिक महत्व को उजागर किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का निर्धारित मापदंडों के आधार पर किया गया। इस अवसर पर एससीईआरटी की प्रधानाचार्य डा. रीता शर्मा सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यार्थियों को न केवल अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला,बल्कि समाज से जुडऱ्े विषयों को समझने, उन पर चिंतन करने तथा सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा भी मिली।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App