सऊदी अरब का यमन में बड़ा हवाई हमला, रियाद एयरपोर्ट पर अटैक का दिया जवाब, 33 लोगों की मौत
एजेंसियां— सना
सऊदी अरब ने हूतियों के कंट्रोल वाली यमन की राजधानी सना के पास एक साथ कई हवाई हमले किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार इन हमलों में कम से कम 33 लोग मारे गए हैं और 39 घायल हए हैं। हालिया महीनों में सऊदी अरब और यमन के हूतियों के बीच लड़ाई शुरू होने के बाद से यह सबसे घातक हमलों में से एक है। ये हमले रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले के कुछ ही घंटे बाद हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार ये हमले अल-शरिया इलाके में हुए हैं और बचावकर्मी मलबे से लोगों को निकालने का काम कर रहे हैं। हूतियों ने यह भी आरोप लगाया कि सऊदी विमानों ने दो बार हमला करके बचाव कर्मियों को निशाना बनाया। ये हमले ताइज प्रांत के एक बाजार में हुए हमले के एक दिन बाद हुए हैं, जिसमें 30 लोग मारे गए थे। यमन की सरकारी सेना ने हूतियों पर उस जगह बैलिस्टिक मिसाइल दागने का आरोप लगाया था, जबकि ईरान समर्थित समूह ने सऊदी अरब के हवाई हमलों को जिम्मेदार ठहराया था। कई सालों के युद्धविराम के बाद इस साल जुलाई में सऊदी अरब और यमन के हूतियों के बीच फिर से संघर्ष शुरू हो गया।
इस युद्ध ने मिडल ईस्ट में पहले से चल रहे संघर्ष में नया मोर्चा खोल दिया है। इसके बाद से सऊदी अरब लगातार हूतियों के ठिकानों पर बमबारी कर रहा है। वहीं, ईरान समर्थित हूती विद्रोही सऊदी अरब के अंदर घातक हमले कर रहे हैं। इस बीच हूती समूह ने शुक्रवार को सऊदी अरब के तेल ढांचे, हवाई अड्डे और सैनिकों के ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए छह सैन्य अभियानों की जिम्मेदारी ली है। हूती प्रवक्ता याह्या सरी ने बताया कि ये हमले बैलिस्टिक मिसाइलों, कू्रज मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल करके किए गए हैं। सारी ने कहा कि यह कार्रवाई ताइज और बनी हशिश में सऊदी अरब के घातक हमलों के जवाब में की गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
