एलआर संस्थान में 15वीं अंतरराष्ट्रीय बहुविषयक कॉन्फ्रेंस
1500 से अधिक प्रतिभागियों ने ऑनलाइन-ऑफलाइन माध्यम से लिया हिस्सा; एआई, जलवायु परिवर्तन और आपदा प्रबंधन पर हुआ मंथन
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
एलआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स, सोलन में हिमालयन राइज के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय 15वीं अंतरराष्ट्रीय बहुविषयक कॉन्फ्रेंस का भव्य समापन हुआ। कॉन्फ्रेंस के अंतिम दिन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। कॉन्फ्रेंस की कन्वीनर एवं प्राचार्या डा. निशा शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया, जबकि कोऑर्डिनेटर डा. बीएस सिंह ने तीन दिवसीय आयोजन की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। कॉन्फ्रेंस के प्रथम सत्र में एमएमयू विश्वविद्यालय के कुलपति डा. रवि शर्मा और एचपीयू शिमला के पर्यावरण विज्ञान विभाग के चेयरमैन डा. महेंद्र सिंह ठाकुर ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार रखे। उन्होंने शिक्षा, शोध और तकनीकी नवाचार के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि बदलते शैक्षणिक और तकनीकी परिवेश में विद्यार्थियों को किसी एक विषय तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अन्य विषयों के ज्ञान और तकनीकी संसाधनों का भी उपयोग करना चाहिए। इस दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), क्वांटम एंटेंगलमेंट, डिजिटल उपकरणों और डेटा संचार की भूमिका पर चर्चा की गई। साथ ही आपदा प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन और हिमालयी क्षेत्रों की पर्यावरणीय चुनौतियों पर भी विचार साझा किए गए। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच विकसित करने और समाज के प्रति योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कॉन्फ्रेंस में 1500 से अधिक प्रतिभागियों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से भाग लिया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक एवं तकनीक आधारित एआई साक्षरता और कौशल संवर्धन कार्यक्रमों के डिजाइन, शैक्षणिक एकीकरण तथा कार्यान्वयन पर भी सहयोग को लेकर चर्चा हुई। इसमें मूल्यवर्धित पाठ्यक्रम (वीएसी) और क्षमता संवर्धन पाठ्यक्रम शामिल रहे। समापन समारोह में शोधपत्र प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों और निबंध लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को स्मृति चिह्न एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एलआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स की एमडी डा. शची सिंह, डा. अवनीत गुप्ता, डा. कंचन बाला, डा. श्वेता, डा. लब सिंह सहित शिक्षाविद्, शोधकर्ता और प्रतिभागी मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
