597 जेबीटी को नियुक्ति, जानिए कब तक करना होगा ज्वाइन
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश में 597 जूनियर बेसिक टीचर (जेबीटी) को नियुक्ति दी गई है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने दस नवंबर को नियुक्ति आदेश जारी कर चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित स्कूलों में तैनाती दी है। राज्य चयन आयोग हमीरपुर की सिफारिश के आधार पर ये नियुक्तियां की जा रही हैं। चयनित अभ्यर्थियों को जॉब ट्रेनी आधार पर 18 हजार रुपए मासिक फिक्स वेतन मिलेगा। नियुक्ति आदेश जारी होने के दस दिन के भीतर अभ्यर्थियों को आबंटित स्कूल में कार्यभार संभालना होगा।
आदेशों के अनुसार इन अभ्यर्थियों की नियुक्ति स्पष्ट रिक्त पदों के विरुद्ध की गई है। सभी चयनित उम्मीदवारों को अपने संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य या मुख्याध्यापक के समक्ष रिपोर्ट करना होगा। यदि आबंटित स्कूल में किसी पद पर न्यायालय में मामला लंबित होने या अन्य प्रशासनिक कारणों से नियुक्ति संभव नहीं होती है, तो स्कूल प्रमुख को संबंधित अभ्यर्थी को तुरंत शिक्षा निदेशालय वापस भेजना होगा, ताकि नियुक्ति आदेश में संशोधन किया जा सके।
एक साल का रहेगा प्रशिक्षण कार्यकाल
नियुक्त किए गए जेबीटी शिक्षकों का शुरुआती जॉब ट्रेनिंग कार्यकाल एक साल का होगा। इसके बाद संबंधित अभ्यर्थी को स्कूल प्रमुख के साथ नया प्रशिक्षण समझौता करना होगा। संतोषजनक कार्य प्रदर्शन के आधार पर इस अवधि को साल-दर-साल आगे बढ़ाया जा सकेगा। यानी नियुक्ति फिलहाल नियमित आधार पर नहीं, बल्कि जॉब ट्रेनी व्यवस्था के तहत की गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
