Jio का बड़ा धमाका! 10 हजार रुपए में 3 साल तक रिचार्ज की छुट्टी, रोज मिलेगा 2.5GB डेटा

By: Nov 7th, 2026 2:49 pm

नई दिल्ली। रिलायंस जियो ने ग्राहकों के लिए लंबी वैधता वाला खास मोबाइल रिचार्ज प्लान पेश किया है। इस प्लान की कीमत 10,000 रुपए है और इसमें 3 साल यानी 36 महीने की वैधता मिलती है। इसका मतलब है कि एक बार रिचार्ज करवाने के बाद ग्राहकों को अगले तीन साल तक मोबाइल रिचार्ज कराने की चिंता नहीं रहेगी। जियो के इस प्लान में अनलिमिटेड कॉलिंग, रोजाना डेटा, फ्री SMS और OTT का लाभ दिया जा रहा है। कंपनी ने इसमें कुछ अतिरिक्त सुविधाएं भी शामिल की हैं। आइए जानते हैं इस प्लान में ग्राहकों को क्या-क्या फायदे मिलेंगे।

रोजाना मिलेगा 2.5GB डेटा

जियो के 10,000 रुपये वाले इस प्लान में ग्राहकों को 3 साल तक रोजाना 2.5GB हाई-स्पीड इंटरनेट डेटा मिलेगा। इसके अलावा किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग की सुविधा दी जाएगी। ग्राहक रोजाना 100 SMS भी भेज सकेंगे। इस प्लान में OTT का लाभ भी शामिल है। इसके तहत ग्राहकों को JioHotstar का मोबाइल सब्सक्रिप्शन मिलेगा। इससे वे अपने मोबाइल पर फिल्में, वेब सीरीज, टीवी शो और लाइव स्पोर्ट्स देख सकेंगे।

Canva Pro Lite और क्लाउड स्टोरेज का भी फायदा

जियो के इस प्लान में मनोरंजन के साथ कुछ अतिरिक्त सुविधाएं भी दी जा रही हैं। ग्राहकों को 12 महीने के लिए Canva Pro Lite का सब्सक्रिप्शन मिलेगा। इसके अलावा JioAICloud पर 50GB स्टोरेज की सुविधा भी दी जाएगी।

दूसरे प्लान के मुकाबले कितनी होगी बचत?

जियो का यह प्लान उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है जो बार-बार मोबाइल रिचार्ज नहीं करवाना चाहते। कंपनी का एक साल की वैधता वाला प्लान 3,599 रुपए में उपलब्ध है। अगर इसी कीमत के हिसाब से तीन साल का खर्च जोड़ें तो कुल 10,797 रुपए बनते हैं। वहीं, 10,000 रुपए वाले प्लान में तीन साल की वैधता मिल रही है। इस तरह ग्राहकों को 797 रुपए की बचत हो सकती है। हालांकि, एक साथ 10,000 रुपए खर्च करना कुछ ग्राहकों को महंगा लग सकता है। लेकिन लंबे समय की वैधता और मिलने वाले बेनिफिट्स को देखते हुए यह प्लान उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है जो एक बार रिचार्ज करवाकर लंबे समय तक निश्चिंत रहना चाहते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App