अरिहंत स्कूल में ग्रीन दिवाली का संदेश
छात्रों ने बेकार वस्तुओं से बनाए आकर्षक लालटेन, कर्मियों को शुभकामना कार्ड देकर जताया आभार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
अरिहंत इंटरनेशनल विद्यालय नाहन में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘ग्रीन दिवाली प्रकाश, सद्भाव और एकजुटता’ रही। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोडऩे के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष प्रार्थना सभा से हुआ। विद्यार्थियों ने सुरक्षित और प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने का संदेश दिया। इस दौरान दीया निर्माण, बेकार वस्तुओं से लालटेन तैयार करने और पारंपरिक वेशभूषा जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। कक्षा नौवीं से 12वीं तक अंतर-सदनीय रंगोली प्रतियोगिता हुई, जबकि तीसरी से पांचवीं तक चित्रकला और छठी से आठवीं तक पेंटिंग प्रतियोगिता करवाई गई। इसके अलावा ग्रीटिंग कार्ड, स्लोगन, पोस्टर निर्माण और बिना आग के भोजन बनाने की प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने प्रतिभा दिखाई।
सेल्फी कॉर्नर और सर्वश्रेष्ठ सुसज्जित कक्षा प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों ने स्कूल के वाहन चालकों और सहायक कर्मचारियों के लिए शुभकामना कार्ड बनाकर उनके प्रति आभार जताया। वहीं, ‘दयालुता एवं कृतज्ञता दीवार’ पर सकारात्मक संदेश साझा किए। प्रधानाचार्या स्टिमी मारिया ने कहा कि दीपावली प्रेम, सद्भाव, एकता और सकारात्मकता का पर्व है। चेयरमैन अनिल जैन, सचिव सचिन जैन और सम्यक जैन ने विद्यार्थियों को पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने तथा जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने का संदेश दिया। उन्होंने आयोजन के लिए शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
