पटाखे में हुआ जोरदार धमाका, उछलकर पेट में जा घुसा स्टील का गिलास, युवक की मौत
कासगंज। उत्तर प्रदेश में कासगंज जिले के सोरों थाना क्षेत्र के सिरावली गांव में सोमवार सुबह पटाखा चलाते समय हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक स्टील के गिलास के नीचे पटाखा रखकर जला रहा था। विस्फोट के दौरान गिलास उछलकर उसके पेट में जा घुसा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिरावली गांव निवासी प्रवेश कुमार (22) पुत्र रामवीर सिंह माथुर सोमवार सुबह करीब सात बजे घर के पास पटाखा जला रहा था। उसने पटाखे को स्टील के गिलास के नीचे रख दिया। पटाखे में विस्फोट होते ही तेज धमाके के साथ गिलास उछलकर उसके पेट में जा घुसा। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में उसे कलावती अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
