मंडी के अभिषेक ऑस्ट्रेलिया के ग्रेटर बेंडिगो शहर के महापौर

By: Nov 10th, 2026 11:10 pm

स्टाफ रिपोर्टर-मंडी

हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर के निवासी अभिषेक अवस्थी ने सात समंदर पार ऑस्ट्रेलिया में अपनी प्रतिभा और उपलब्धि का परचम लहराकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य के ग्रेटर बेंडिगो शहर में अब अभिषेक अवस्थी महापौर की जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे पहले वह इसी शहर में डिप्टी मेयर के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। इस उपलब्धि के साथ ही वह ग्रेटर बेंडिगो शहर के पहले भारतीय मूल के महापौर बन गए हैं। नौ नवंबर को ग्रेटर बेंडिगो के प्रतिष्ठित द कैपिटल थिएटर में आयोजित समारोह में अभिषेक अवस्थी ने महापौर पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण के साथ ही उन्होंने आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। वर्ष 2026-27 के लिए उनका कार्यकाल एक वर्ष का रहेगा।

ऑस्ट्रेलिया की स्थानीय निकाय व्यवस्था के तहत महापौर और उपमहापौर का कार्यकाल सामान्यत: एक साल का होता है, जबकि काउंसिलरों का चुनाव चार वर्ष के लिए किया जाता है। अभिषेक अवस्थी को महापौर पद के लिए सर्वसम्मति से चुना गया। इस उपलब्धि पर उन्होंने अपने साथी काउंसिलरों का आभार व्यक्त किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App