आर्यन्स बनूटी ने जीता ग्रामीण खेल महाकुंभ का खिताब
फाइनल में ग्रीन लैंड शिल्ली को सात विकेट से हराया; दो विकेट लेने और 28 रन बनाने वाले काव्यांश शर्मा बने मैन ऑफ द मैच
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ के तहत शोघी जोन के कंडाघाट में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में आर्यन्स बनूटी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में आर्यन्स बनूटी ने ग्रीन लैंड शिल्ली को सात विकेट से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। हिमाचल प्रदेश स्पोट्र्स, कल्चर एंड एन्वायरनमेंट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस खेल महाकुंभ में खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबला आर्यन्स बनूटी और ग्रीन लैंड शिल्ली के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्रीन लैंड शिल्ली की टीम ने निर्धारित खेल के दौरान आठ विकेट गंवाकर 85 रन बनाए। टीम की ओर से दिए गए लक्ष्य का पीछा करने उतरी आर्यन्स बनूटी की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। टीम ने महज तीन विकेट गंवाकर 86 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस तरह आर्यन्स बनूटी ने सात विकेट शेष रहते जीत दर्ज कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मुकाबले में काव्यांश शर्मा का प्रदर्शन विशेष आकर्षण रहा। उन्होंने गेंदबाजी करते हुए दो विकेट झटके, वहीं बल्लेबाजी में भी शानदार खेल दिखाते हुए 28 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनके हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर उन्हें फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। खेल महाकुंभ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिल रहा है। प्रतियोगिता में युवाओं की भागीदारी ने यह भी दर्शाया कि ग्रामीण स्तर पर क्रिकेट को लेकर खासा उत्साह है। आर्यन्स बनूटी की इस जीत से टीम के खिलाडिय़ों और समर्थकों में खुशी का माहौल रहा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
