शहर में महाजाम…गाडिय़ों की लंबी कतारें
तीन किलोमीटर के सफर में लगा एक घंटा, दिवाली के बाद कामकाज पर लौटने वाले लोगों की भीड़ से ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई
नगर संवाददाता-ऊना
दिवाली पर्व के बाद कामकाज पर लौटने वालों की भीड़ से मंगलवार को ऊना शहर में ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। धर्मशाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। ऊना कॉलेज से लालसिंगी तक करीब तीन से चार किलोमीटर सडक़ पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। हालात ऐसे रहे कि वाहन चालकों को शहर के भीतर महज तीन किलोमीटर का सफर तय करने में आधे से एक घंटे तक का समय लग रहा था। शहर से गुजरना वाहन चालकों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं रहा। आईएसबीटी ऊना के बाहर सबसे ज्यादा परेशानी देखने को मिली। बस अड्डे में बसों के प्रवेश और निकासी के लिए एक ही रास्ता होने के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। बसों की लगातार आवाजाही से जाम का दबाव बढ़ता रहा। वहीं रोटरी चौक के समीप सडक़ किनारे खड़े वाहनों ने भी यातायात व्यवस्था को प्रभावित किया।
कई स्थानों पर दोहरी सडक़ भी सिंगल लेन जैसी नजर आई। रेड लाइट चौक व पुराना बस अड्डा पर ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी दिनभर व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। इसके बावजूद वाहनों की अधिक संख्या के चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। दरअसल, दिवाली मनाने के लिए चंडीगढ़, बद्दी, नालागढ़, होशियारपुर, दिल्ली और पंजाब के अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपने घर पहुंचे थे। त्योहार के बाद मंगलवार को लोगों ने वापस अपने कार्यस्थलों का रुख किया। निजी वाहनों के साथ अतिरिक्त बस रूटों के संचालन से भी शहर में यातायात का दबाव बढ़ गया। सुबह और शाम के समय जाम की स्थिति अधिक गंभीर रही।
लोग परेशान हुए।
रोटरी चौक क्रॉस करना बना रहा चुनौतीपूर्ण
रोटरी चौक पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। इस चौक पर कोई भी पुलिस कर्मी तैनात नहीं था। ऐसे में यहां दूसरी लाइन में जाने वाले वाहन चालकों को काफी देर तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा था। वहीं ट्रैफिक जाम के बीच वाहन चालक आपस में तू-तू मैं-मैं भी करते दिखे।
क्या बोले पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमथ
ऊना के एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि शहर में जाम की स्थिति को देखते हुए प्रमुख चौराहों पर पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। पुलिस कर्मचारी दिनभर मुस्तैदी से ड्यूटी पर तैनात रहे।
रिंग रोड की घोषणा भी नहीं चढ़ पाई सिरे
ऊना शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव से निजात दिलाने के लिए फ्लाईओवर और बाईपास की मांग लंबे समय से उठती रही है। सरकार की ओर से ऊना के लिए रिंग रोड बनाने की घोषणा भी की गई थी, स्थानीय कांग्रेस नेता द्वारा रिंग रोड़ के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपए जारी करने की घोषणा तक कर दी थी, लेकिन अभी तक यह योजना धरातल पर नहीं उतर पाई है। शहर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने के लिए कोई स्थायी विकल्प सामने नहीं आया है। फ्लाईओवर, बाईपास और रिंग रोड को लेकर चर्चाएं और घोषणाएं तो हुईं, लेकिन निर्माण की दिशा में ठोस प्रगति नहीं दिखी। ऐसे में त्योहारों और छुट्टियों के बाद ऊना में लगने वाला जाम फिर इस जरूरत को उजागर कर रहा है कि शहर को ट्रैफिक समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थायी योजना पर काम शुरू किया जाए। इससे लोगों का राहत मिलेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
