भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में बद्दी की समायरा राघव

By: Nov 25th, 2026 10:03 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — बद्दी

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत गांव मंधाला की बेटी समायरा राघव ने क्रिकेट के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। महज 16 वर्ष की उम्र में समायरा का चयन भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंग्लैंड के खिलाफ 26 नवंबर से छह दिसंबर तक खेली जाने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए घोषित 15 सदस्यीय भारतीय टीम में समायरा को शामिल किया है। यह मुकाबले गुजरात के वडोदरा और सूरत में खेले जाएंगे। समायरा की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव मंधाला सहित समूचे बीबीएन क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

प्रतिभाशाली ऑलराउंडर समायरा राघव ने घरेलू क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई है। समायरा के पिता सुनील राघव दिल्ली में व्यवसायी हैं और उनकी शिक्षा-दीक्षा भी दिल्ली में ही हुई है। समायरा की दादी सुरेश राघव ग्राम पंचायत मंधाला की प्रधान रह चुकी हैं। उनके पिता सुनील राघव ने बताया कि समायरा का शुरू से ही सपना देश के लिए क्रिकेट खेलना और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करना रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App