अटल टनल की ऐसी दीवानगी; दो महीने में गुजरीं डेढ़ लाख गाडिय़ां, कारोबारी खुश
लाहुल में पर्यटन गतिविधियों ने पकड़ी रफ्तार, शिकुंला-सिस्सू में बर्फबारी में मस्ती कर रहे सैलानी
जिला संवाददाता-कुल्लू
बर्फ से ढकी पहाडिय़ां, सफेद चादर में लिपटा शिंकुला दर्रा और सिस्सू की खूबसूरत वादियां, लाहुल-स्पीति का यही प्राकृतिक नजारा पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहा है। एक सप्ताह में करीब 30 हजार वाहन टनल पार कर लाहुल पहुंचे। 21 सितंबर से 21 नवंबर तक की दो अलग-अलग अवधियों में कुल 155556 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई है। लाहुल-स्पीति पुलिस के आंकड़ों पर गौर करें तो मुताबिक 21 से 27 सितंबर तक 22266 वाहन अटल टनल पार कर लाहुल पहुंचे। इसके बाद 28 सितंबर से चार अक्तूबर तक पर्यटकों की आवाजाही ने जोर पकड़ा और एक सप्ताह में सर्वाधिक 29156 वाहन दर्ज किए गए। पांच से 11 अक्तूबर तक 20175 वाहन लाहुल पहुंचे।
12 से 18 अक्तूबर के बीच यह संख्या घटकर 15413 रही, जबकि 19 से 25 अक्तूबर तक फिर बढ़ोतरी के साथ 19691 वाहन दर्ज किए गए। 26 अक्तूबर से पहली नवंबर तक 15858 और दो से आठ नवंबर तक 12310 वाहन टनल पार कर लाहुल पहुंचे। नवंबर के तीसरे सप्ताह के आंकड़े भी पर्यटन गतिविधियों की तस्वीर पेश करते हैं। 15 नवंबर को 5175 वाहन लाहुल पहुंचे। 16 नवंबर को 4275 17 नवंबर को 2562, 18 नवंबर को 2421, 19 नवंबर को 2182 और 20 नवंबर को 1980 वाहन दर्ज किए गए। 21 नवंबर को 2092 वाहन टनल पार कर गए। सात दिनों में कुल 20687 वाहनों की आवाजाही दर्ज हुई, जबकि 22 से 26 नवंबर तक भी काफी संख्या में पर्यटक वाहन अटल टनल पार पहुंचे।
पुलिस गाइडलाइन का पालन करें सैलानी
पर्यटकों की आवाजाही से स्थानीय होटल, होम स्टे, टैक्सी संचालकों, ढाबा और अन्य छोटे कारोबारियों को भी रोजगार मिलता है। डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने पर्यटकों से अपील की है कि बर्फीले क्षेत्रों की सैर के दौरान यातायात नियमों का पालन करें। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम और सडक़ की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा करें तथा पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन कर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

