छह साल बाद फिर एक हुए भाजपा और अकाली दल, अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान
मुकेश संगर—चंडीगढ़
पंजाब की राजनीति में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) छह साल बाद एक बार फिर साथ आ गए हैं। गठबंधन को लेकर जारी अटकलों को विराम देते हुए मंगलवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दोनों दलों के गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया। इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद रहे। दोनों पार्टियों ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लडऩे का फैसला किया है। इस गठबंधन के साथ ही अकाली दल की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में भी वापसी हो गई है। अमित शाह ने कहा कि अकाली दल भाजपा का सबसे पुराना सहयोगी रहा है। दोनों दलों ने कई चुनाव साथ लड़े और जीते हैं। कुछ परिस्थितियों के कारण यह रिश्ता टूट गया था, लेकिन अब दोनों पार्टियां फिर एक साथ आ रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुखबीर सिंह बादल से फोन पर बात कर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने इस गठबंधन का स्वागत करते हुए कहा कि एनडीए अब पूरा हो गया है। शाह ने कहा कि यह गठबंधन पंजाब ही नहीं, बल्कि पूरे देश में हिंदू-सिख भाईचारे और एकता की मिसाल बनेगा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और बादल परिवार के पुराने संबंधों का भी उल्लेख किया।
शाह ने पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब से नशे का पूरी तरह खात्मा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे और भ्रष्टाचार को खत्म करना गठबंधन का प्रमुख लक्ष्य होगा। उन्होंने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने भी पंजाब से नशा खत्म करने का वादा किया था, जबकि वर्ष 2017 में राहुल गांधी ने एक कार्यकाल में नशे की समस्या समाप्त करने की बात कही थी, लेकिन दोनों ही ऐसा करने में असफल रहे। उन्होंने कहा कि अगले तीन महीनों में किसानों की समस्याओं, आर्थिक चुनौतियों और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर इनके समाधान के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी मुख्यालय में सुखबीर सिंह बादल का फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। इस दौरान अमित शाह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। शाह ने कहा कि जिस समय पूरा देश गुरुपर्व मना रहा है, उस समय अकाली दल जैसे पुराने सहयोगी की एनडीए में वापसी गठबंधन के लिए खुशी का विषय है। गौरतलब है कि पंजाब में भाजपा और अकाली दल के बीच वर्ष 1996 में गठबंधन हुआ था। दोनों पार्टियों ने मिलकर 1997, 2007 और 2012 में पंजाब में सरकार बनाई थी। कृषि सुधार कानूनों को लेकर सितंबर 2020 में करीब 24 साल पुराना गठबंधन टूट गया था। इसके बाद वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को 117 में से केवल तीन सीटों पर जीत मिली थी, जबकि भाजपा महज दो सीटें ही जीत सकी थी। अब दोनों दलों ने एक बार फिर साथ आकर पंजाब की सत्ता में वापसी की रणनीति तैयार की है।
कांग्रेस ने गठबंधन को बताया अवसरवादी राजनीति
भाजपा और अकाली दल के गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने दोनों दलों को शुभकामनाएं तो दीं, लेकिन गठबंधन की कड़ी आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि पंजाब के बुनियादी मुद्दे आज भी जस के तस हैं। किसानों के साथ जो कुछ हुआ, पंजाब ने जो परिस्थितियां झेलीं और बादल परिवार की भूमिका रही, उसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने इस गठबंधन को अवसरवादी, दिशाहीन और बिना किसी तर्क की राजनीति करार देते हुए कहा कि वे इसे पूरी तरह खारिज करते हैं। परगट सिंह ने कहा कि जो दल 13 साल तक सत्ता में रहे और जिन्होंने संस्थाओं को कमजोर किया, वे अब पंजाब की भलाई की बात कैसे कर सकते हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

