पंजाब में भाजपा ने गठित की चुनाव कमेटी

By: Nov 24th, 2026 12:22 am

ढिल्लो करेंगे अगवाई, पांच पूर्व अध्यक्षों को जगह, कैप्टन अमरिंदर का नाम नहीं

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने प्रदेश चुनाव कमेटी का ऐलान कर दिया है। इसमें प्रदेश प्रधान केवल ढिल्लो के साथ भाजपा के पांच पूर्व अध्यक्षों को भी रखा गया है। इस लिस्ट में कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम नहीं है, लेकिन उनकी पत्नी पूर्व सांसद परनीत कौर को भी रखा गया है। इनमें 16 मुख्य सदस्य और तीन विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। समिति में कांग्रेस और अकाली दल छोडक़र भाजपा में आए नेताओं को भी जगह दी गई है। मुख्य समिति में भाजपा के पुराने नेताओं को भी शामिल किया गया है। इनमें तरुण चुघ, अश्वनी शर्मा, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया, श्वेत मलिक, प्रदेश संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु, विजय सांपला, दिनेश बब्बू और जंगी लाल महाजन शामिल हैं। इन नेताओं के पास संगठन और सरकार में काम करने का लंबा अनुभव है। इनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री और विधायक शामिल हैं। राज्य चुनाव समिति में तीन नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में जगह दी गई है। इनमें पंजाब भाजपा के प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री डा. सतीश पूनिया, प्रदेश सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा और प्रदेश सह-प्रभारी डा. अलका गुर्जर शामिल हैं। ये नेता पंजाब में संगठन और चुनावी रणनीति से जुड़े कामों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत भाजपा ने अब तक चार प्रमुख कमेटियों का गठन किया है। इनमें राज्य घोषणापत्र समिति, राज्य चार्जशीट समिति, नई जॉइनिंग समन्वय समिति और राज्य चुनाव समिति शामिल हैं।

15 नवंबर को गठित घोषणापत्र समिति की कमान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना को सौंपी गई है। 13 सदस्यीय यह कमेटी जनता से सुझाव लेकर पार्टी का चुनावी घोषणापत्र तैयार करेगी। इसी दिन गठित 14 सदस्यीय चार्जशीट समिति के चेयरमैन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ हैं। यह कमेटी पंजाब की आप सरकार के पांच साल के कामकाज, अधूरे वादों और विफलताओं को लेकर आरोप-पत्र तैयार करेगी। इसके बाद 21 नवंबर को प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने छह सदस्यीय नई ज्वाइनिंग समन्वय समिति बनाई, जिसकी कमान विधायक जंगी लाल महाजन को दी गई है। यह कमेटी दूसरे दलों के नेताओं को भाजपा में शामिल कराने और नए लोगों के साथ समन्वय का काम देखेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App