मथुरा में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मंत्री-विधायकों और सांसदों को दोटूक, जानिए क्या कहा

By: Nov 18th, 2026 12:07 am

कोई भी गलती अब माफ नहीं होगी

एजेंसियां — लखनऊ

उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी कमर कस ली है। मथुरा के परखम में आयोजित दो दिवसीय मंथन और चिंतन शिविर का मंगलवार को समापन हो गया। इस उच्चस्तरीय बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, यूपी प्रभारी विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री सह प्रदेश के वरिष्ठ नेता पंकज चौधरी समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। बैठक के आखिरी चरण को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जिम्मेदार पदों (मंत्री, विधायक और सांसद) पर बैठे नेताओं की किसी भी गलती को माफ नहीं किया जाएगा। दो दिवसीय योजना बैठक के समापन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के भीतर अनुशासन और एकजुटता का कड़ा संदेश दिया।

अंदरखाने गुटबाजी और टिकट बंटवारे के बाद भीतरघात की खबरों पर अंकुश लगाने के लिए यह सबसे बड़ा निर्देश माना जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जिन नेताओं को पार्टी ने सत्ता या संगठन में बड़े पदों से नवाजा है, यदि वे चुनाव के समय कोई लापरवाही या गलती करते हैं, तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में नेताओं ने दोहराया कि पार्टी में ‘कार्यकर्ता ही भगवान’ है। सरकार बड़ी है या संगठन, इस बहस को विराम देते हुए यह तय किया गया कि चुनाव के लिहाज से संगठन और जमीनी कार्यकर्ता ही सर्वोपरि हैं।

छह राज्यों के संगठन महामंत्री संभालेंगे यूपी का मोर्चा

2027 के चुनाव को फतह करने के लिए बीजेपी ने संगठनात्मक स्तर पर एक अचूक व्यूह रचना तैयार की है। यूपी छह अलग-अलग जोन में बांटा गया है। बीजेपी ने रणनीति के तहत अन्य छह अलग-अलग राज्यों के अनुभवी संगठन महामंत्रियों को उत्तर प्रदेश के चुनावों में तैनात करने का निर्णय लिया है। प्रत्येक एक जोन की चुनावी जिम्मेदारी एक अलग राज्य के संगठन महामंत्री को सौंपी जाएगी। ये संगठन महामंत्री संबंधित जोन में पार्टी की गतिविधियों, चुनावी कैंपेन और बूथ स्तर की रणनीतियों की कमान संभालेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App