हिमाचल से विदेश जाएगा डंकी मिल्क, सात हजार रुपए प्रति लीटर तक कीमत, क्यों खास है यह दूध, जानिए
बिलासपुर के कंदरौर में संचालित फार्म से एक्सपोर्ट करने की तैयारी, अंतरराष्ट्रीय बाजार में डिमांड
कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
जिला बिलासपुर के कंदरौर में संचालित प्रदेश के एकमात्र डंकी फार्म का दूध अब अपनी विशेष खूबियों के चलते देश-विदेश में पहचान बनाने की तैयारी में है। गधी का दूध (डंकी मिल्क) पोषक तत्त्वों की मौजूदगी और त्वचा की देखभाल से जुड़े उत्पादों में उपयोग के कारण खास महत्त्व रखता है। य इसकी कीमत करीब सात हजार रुपए प्रति लीटर तक बताई जा रही है। अब कंदरौर स्थित डेरिका फार्म प्रबंधन इस दूध को विदेशी बाजारों तक पहुंचाने की तैयारी में जुटा है। इस दूध की एक विशेषता यह भी है कि इसकी संरचना कई मायनों में मां के दूध से मिलती-जुलती मानी जाती है। इसमें वसा की मात्रा अपेक्षाकृत कम और लैक्टोज की मात्रा अधिक होती है। इसी कारण दुनिया के कई देशों में इसे विशेष खाद्य उत्पाद के रूप में भी देखा जाता है। जिला बिलासपुर के कंदरौर में हाल ही में शुरू हुए डेरिका फार्म में वर्तमान में 22 पशु हैं, जिनमें 20 नर और दो मादा शामिल हैं।
फार्म प्रबंधन की योजना इस कारोबार को बड़े स्तर पर विकसित करने की है। इसके लिए दूध की गुणवत्ता और निर्यात संबंधी मानकों को पूरा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत चंडीगढ़-मोहाली स्थित लैब में दूध के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिनकी रिपोर्ट संतोषजनक रही है। डेरिका फार्म के प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि डंकी मिल्क को विदेशों में एक्सपोर्ट करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। मोहाली स्थित लैब में दूध के सैंपल की रिपोर्ट सही आई है। अब पुसा विश्वविद्यालय की रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद पालमपुर लैब में भी सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।
क्यों खास है डंकी का दूध
इसमें प्रोटीन, लैक्टोज और खनिज तत्व पाए जाते हैं
लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसे जैव सक्रिय घटक मौजूद होते हैं
त्वचा की देखभाल से जुड़े साबुन, क्रीम और कॉस्मेटिक उत्पादों में उपयोग होता है
वसा की मात्रा अपेक्षाकृत कम और लैक्टोज की मात्रा अधिक होती है
विशेष खाद्य उत्पाद के रूप में भी इसकी पहचान है
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
